उप चुनाव: प्रधान पद के लिए 10 एवं सदस्य पद के लिए दाखिल हुए 4 नामांकन सेट

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश की अधिसूचना संख्या 186/रा0नि0आ0-3/पं0नि0/18-24/2024, 15 जुलाई 2024 के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) हर्षिता माथुर के द्वारा जारी निर्देश के क्रम में जनपद रायबरेली में ग्राम पंचायत के प्रधानों तथा उनके सदस्यों के वैधानिक रूप से रिक्त स्थानों/पदों जोकि न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित न हो, पर उप निर्वाचन निम्नांकित विनिर्दिष्ट समय सारणी के अनुसार कराए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।

     आपको बता दें कि, इसी क्रम में विगत गुरुवार 18 जुलाई से आज 22 जुलाई 2024 यानी आज सोमवार तक जमुरावां ग्राम प्रधान पद के लिए 10 और सदस्य पद के लिए चार नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। कल यानी 23 जुलाई मंगलवार को पर्चों की जांच तथा पर्चा वापसी 24 जुलाई होगा, इसके अलावा चुनाव चिन्ह आवंटन 24 जुलाई को ही अपराह्न 3:00 बजे होगा।

     उप चुनाव ग्राम प्रधान पद हेतु जमुरावां में 9 लोगों ने 10 नामांकन सेट दाखिल किए है, जिसमें अनुराग पुत्र अखिलेश के दो नामांकन सेट शामिल है। इसके अलावा सदस्य के रिक्त पदों के लिए अलीपुर वार्ड नंबर 6 एवं वार्ड नंबर 11 सदस्य पद, मऊ वार्ड नंबर 2 सदस्य पद और कक्के पुर वार्ड नंबर 9 सदस्य पद के लिए चार लोगों ने एक-एक नामांकन सेट दाखिल किया है। 

      उप निर्वाचन नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने की आज अंतिम तिथि 22 जुलाई 2024 थी, मतदान 6 अगस्त 2024 को होगा तथा मतगणना 8 अगस्त को होना निश्चित हुई है।

    आपको यह भी बता दें कि, जमुरावां ग्राम प्रधान रहे रोशन लाल की चुनाव के समय उम्र कम होने की वजह से महराजगंज एसडीएम न्यायालय द्वारा उन्हें पद के लिए अयोग्य घोषित करते हुए प्रधानी बर्खास्त कर दी गई थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ