रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के पूरे हवलदार मजरे ज्योना गांव में नाली विवाद को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष की पत्नी, बड़ी पुत्री और बेटी के पुत्र के साथ मारपीट, गाली गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर तीन महिलाओं समेत 7 पर केस दर्ज कर लिया है, घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।
आपको बता दे कि, गांव निवासी राधेश्याम पुत्र भूल्लन ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि, उसके भाऊ महादेव पुत्र भूल्लन से नाली का विवाद चलता है। जिसको लेकर उनका भाई महादेव योजनाबद्ध तरीके से अपने साथ अपने बेटे संजीव कुमार, प्रवीण कुमार, देवेंद्र कुमार और अपनी पत्नी राजदेई, पुत्री आराधना, पुत्रवधू गुड़िया पत्नी संजीव कुमार आए और गाली गलौज करने लगे। जब उनकी पत्नी राजरानी ने विरोध जताया तो सभी हमलावर हो गए और उसे लाठी डंडों से मारा पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई।
चीख पुकार सुनकर उसे बचाने आई उसकी बड़ी बेटी और बेटी के पुत्र को भी आरोपियों ने मारा पीटा, जिससे वह दोनों भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जब गांव वाले दौड़े तो सभी हमलावर गालियां देते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी देकर घर में घुस गए।
मामले में कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, एक पक्ष की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर तीन महिलाओं समेत 7 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घायलों को मेडिकल चेकअप के लिए सीएचसी भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार उचित कार्यवाही की जाएगी। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।

0 टिप्पणियाँ