सार........
⭕ कुबना गांव की सुरक्षित जमीन को अविलम्ब खाली करवाया जाए-उप जिलाधिकारी महराजगंज।
विस्तार.........
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: तहसील सभागार में संपन्न हुए संपूर्ण समाधान दिवस में एक ओर जहां लेखपाल संघ के पदाधिकारीयों ने "लेखपाल मनीष कश्यप" की अपहरण कर निर्मम हत्या किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी सचिन यादव सौंपा, वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र के कुबना गांव में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा ग्राम सभा की सुरक्षित जमीन खाली न करने के मामले में तहसीलदार ध्रुव नारायण यादव ने हल्का लेखपाल को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। संपूर्ण समाधान दिवस में सुरक्षित जमीन को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा खाली न किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना रहा।
आपको बता दें कि, तहसील सभागार में संपन्न हुए संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी सचिन यादव ने की। तहसील सभागार में संपन्न हुए समाधान दिवस में कुल 31 शिकायती पत्र आए, जिसमें चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में राजस्व के 19, पुलिस के 03, विकास के 08 व अन्य 01 मामला आया।
उधर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ महाराजगंज इकाई की अध्यक्ष दर्शिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में पदाधिकारियों प्रीती गुप्ता, अभिषेक पटेल, राजीव मिश्रा, शैलेंद्र कुमार, विकास कुशवाहा, विपिन कुमार, विवेक कुमार, तुषार साहू, रणविजय सिंह, अमित शुक्ला सहित लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी सचिन यादव को सौंपा।
दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि, जनपद बरेली में लेखपाल मनीष कश्यप की अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी गई है, तथा प्रदेश के अन्य जिलों में भी लेखपालों के साथ आए दिन मारपीट, जानलेवा हमला व धमकी जैसी घटनाएं घटित हुआ करती हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इन मामलों में संवेदनशील नहीं है। जिसके चलते "लेखपाल मनीष कश्यप" की निर्मम हत्या कर दी गई है। जबकि अपहरण होने के तुरंत बाद कोतवाली पुलिस व उपजिलाधिकारी को लिखित तहरीर देकर घटना की जानकारी दी गई थी।
"लेखपाल मनीष कश्यप" हत्याकांड में यदि पुलिस प्रशासन व राजस्व के उच्चाधिकारी मामले का तुरंत संज्ञान लेते तो शायद मनीष कश्यप की हत्या न होती। हम सभी लेखपाल संघ के पदाधिकारी मुख्यमंत्री से यह मांग करते हैं कि, भू माफिया अपराधियों एवं जिन लोगों ने मिलकर लेखपाल "मनीष कश्यप" की हत्या की है। उनको फांसी की सजा दी जाए।
दूसरी तरफ तहसील सभागार में पहुंचे कुबना गांव के ग्रामीणों द्वारा लिखित शिकायती पत्र देते हुए कहा गया कि, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा ग्राम सभा की सुरक्षित जमीन पर विगत कई वर्षों से अवैध कब्जा किया हुआ है। जिस पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। जबकि गरीबों की जमीने तहसील प्रशासन द्वारा खाली करवाई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ध्रुव नारायण यादव ने हल्का लेखपाल व राजस्व निरीक्षक को तहरीर देकर प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराने के निर्देश दिए है।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र बहादुर पाल, तहसीलदार ध्रुव नारायण यादव, खंड विकास अधिकारी वर्षा सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव, उपखंड अधिकारी विद्युत रमेश सोनी, पूर्ति निरीक्षक अमित सिंह यादव, अविनाश चंद्र पांडेय, अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा, महराजगंज से एसएसआई देवेंद्र सिंह भदौरिया, शिवगढ़ से एसआई सुधीर पांडेय, एडीओ पंचायत सीताराम सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ