एक साथ 72 हजार 426 बच्चों और किशोरों को खिलाई जाएगी कृमि मुक्ति दवा, अधीक्षक ने दवा खिलाकर अभियान का किया शुभारंभ


रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सीएचसी चिकित्सा अधिकारी डा0 पीके श्रीवास्तव ने 01 से 19 वर्ष के बच्चों को सोमवार के दिन उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज में पेट से कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। अधीक्षक डॉ पीके श्रीवास्तव ने बताया कि, महराजगंज क्षेत्र में करीब 72 हजार 426 बच्चों और किशोरों को कृमि मुक्ति की दवा यानि पेट से कीड़ा निकालने की दवा खिलाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।

     आपको बता दें कि, अधीक्षक डॉक्टर पीके श्रीवास्तव ने बताया कि, इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र, स्वास्थ्य केन्द्र और पंजीकृत स्कूलों, ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों सहित अन्य लोगों को दवा खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि, जो बच्चे दवा नहीं खा पाएंगे, उनको मॉपअप राउंड यानी (14 फरवरी) को दवा खिलाई जाएगी। यह दवा खाली पेट नहीं खानी है। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली व दो से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को पूरी गोली खिलाई जानी है। छोटे बच्चों को गोली पीसकर देनी है, जबकि बड़े बच्चे इसे चबाकर खा सकेंगे। 

     अधीक्षक डॉक्टर पीके श्रीवास्तव ने बताया कि, इस अभियान को सफल बनाने के लिए विकासखंड महराजगंज क्षेत्र में 386 केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिसमें 187 केंद्र प्राथमिक विद्यालयों पर, 13 केंद्र इंटर कॉलेजों और 160 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बनाया गया हैं।

     उन्होंने बताया कि, 72 हजार 426 बच्चों और किशोरों को एक साथ दवा खिलाने के लिए 54 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक पर्यवेक्षक की निगरानी में 6 केंद्रों होंगे, इनकी देखरेख में दवा खिलाई जाएगी। 

    अधीक्षक ने 01 से 19 वर्ष के बच्चों को दवा खिलाने के लाभ के बारे में बताते हुए कहा कि, यह दवा खाने के बाद एनीमिया से मुक्ति मिलेगी, बच्चों का मानसिक विकास होगा और वजन में वृद्धि होगी।

     इस दौरान बीपीएम कमल प्रकाश श्रीवास्तव, बीसीपीएम शिवाकांत तिवारी, एआरओ अंजनी कुमार, सीएचसी महराजगंज पर कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ