रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के मोन ग्राम में स्थित महर्षि बाबा ओरीदास का मंदिर श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। यहां पर तहसील क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। वैसे तो प्रत्येक मंगलवार को यहां भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन बसंत पंचमी में लगने वाले तीन दिवसीय मेले में दूर-दराज से आने वाले लोगों की संख्या लगभग 2 लाख से अधिक हो जाती है।
महर्षि बाबा ओरीदास मंदिर प्रांगण में तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले के आज प्रथम दिन श्रद्धालुओं की आस्था का जनशैलाब उमड़ पड़ा। चप्पे-चप्पे पर प्रशासन का पहरा देखने को मिला। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों समेत एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां साथ ही पुलिस प्रशासन तैनात रहा। इस बार यह मेला आज रविवार 2 फरवरी से 4 फरवरी तक चलेगा।
आपको बता दें कि, यूपी के रायबरेली में महराजगंज से इन्हौना मार्ग के किनारे मोन ग्राम में महर्षि बाबा ओरीदास मंदिर स्थित है। श्रद्धालुओं का मानना है कि, यहां जलाभिषेक कर माथा टेकने वाले भक्तों की सभी मन्नते पूरी होती हैं।
मंदिर के पास पीपल के विशाल बट वृक्ष की ऐसी विशालकाय छाया दूर दराज तक कहीं भी देखने को नहीं मिलती है। इस पीपल के विशालकाय वृक्ष के नीचे बने मंदिर की सुंदरता हर किसी का मन मोह रही है।
आज रविवार को बसंत पंचमी के दिन प्रथम दिवस के मेले में आयोजको एवं ग्राम वासियों द्वारा विशाल दंगल का आयोजन किया गया।
जहां कुश्ती दंगल को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला, वहीं विशाल कुश्ती दंगल में स्थानीय, दूर दराज, जनपद एवं गैर जनपदों से आए पहलवानों ने दमखम आजमाते हुए कुश्ती दंगल में भाग लिया।
ग्राम प्रधान श्याम कला और उनके पति अमरेश कुमार ने बताया कि, विशाल कुश्ती दंगल का शुभारंभ छोटे बच्चों की कुश्ती करवाते हुए किया गया। इसके बाद उम्रवार बडे पहलवानों की विभिन्न विशाल कुश्तियां करवाई गईं। कुश्ती दंगल में पहुंचे अतिथियों का माला पहनाकर सम्मान किया गया। उन्होंने कहा कि, मेला हमारी संस्कृति हैं। खेलों से हमारा मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है।
महर्षि बाबा ओरीदास मंदिर प्रांगण में लगने वाले तीन दिवसीय मेले के प्रथम दिन स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्थाओं की दृष्टि से पुलिस प्रशासन व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रही। मेला के चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा दिखा। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रही।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि सीताराम, अमरेंद्र सिंह, भगवान दीन पासी, रामप्रसाद, रामसेवक मौर्य, गिरीश कनोजिया, गुरचरण गौतम, संतलाल मौर्य मास्टर, लखन यादव, आदित्य मौर्य, संदीप मौर्य, रोहित मौर्य, रामकुमार उर्फ छोटू, रामकुमार सिंह, सुरेश वाजपेई, अमित मौर्य, रोहित मौर्य, विद्याकांत अवस्थी, अंशुमान सिंह ग्राम भेरू यादव राजकुमार लोधी सपा नेता, बृजेंद्र सिंह लाइनमैन, लेखपाल विवेक प्रताप सिंह समेत पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी व्यवस्थाओं में लगे देखे गए।










0 टिप्पणियाँ