रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: आदित्य सिंह हत्याकांड में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष आरपी यादव को गलत ढंग से फंसा कर जेल भेजने को को लेकर दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक मोर्चा रायबरेली के पिछड़ा वर्ग नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरपी यादव के राजनीतिक जीवन को समाप्त करने की साजिश बताते हुए नेताओं ने घोर निंदा की है।
आपको बता दें कि, प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद नेताओं ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, योगी सरकार के सत्ता में आने के बाद पूरे प्रदेश में दलित पिछड़ों तथा अल्पसंख्यकों पर अत्याचार बढ़े हैं तथा जगह-जगह उनके वर्ग पर हो रहे जुल्मों के विरुद्ध लगातार आवाज उठाते रहे हैं। जिले में उनका व्यापक जनाधार है एवं वे एक सम्मानित नेता भी है।
नेताओं ने मीडिया के समक्ष बयान देते हुए बताया कि, 2012 में आरपी यादव आम विधानसभा चुनाव में सदर विधानसभा क्षेत्र से हुए चुनाव भी लड़ चुके हैं। जेल भेजने से पहले उनके साथ घोर अमानवीय व्यवहार किया गया है तथा उनके संविधान प्रदत्त मूल अधिकारों का हनन भी किया गया है। आदित्य हत्याकांड में उनको फसाने से जिला प्रशासन की छवि धूमिल हुई है एवं आम जनता में उनकी निष्पक्षता पर बहुत बड़ा प्रश्न चिन्ह लगा है। वहीं दलित पिछड़ा अल्पसंख्यक मोर्चा ने आरपी यादव पर लगे अभियोग को खत्म करने तथा उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है अन्यथा दलित पिछड़ा अल्पसंख्यक मोर्चा रायबरेली आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
आदित्य सिंह हत्याकांड में पुलिस की अब तक की कार्यवाही से ऐसा आभास होता है कि, एक जाति विशेष के विरुद्ध पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर घटना की जांच को प्रभावित किया जा रहा है तथा व्यक्ति विशेष के आर्थिक स्रोतों को भी समाप्त करने की जानबूझकर कोशिश की जा रही है जो कतई न्यायोचित नहीं है।
प्रेस कांफ्रेंस में यह भी कहा गया कि, हत्या जैसे जघन्य अपराध की हर तरह से निंदा करने में उन्हें कोई संकोच नहीं है और वे लोग निंदा कर भी चुके हैं। लेकिन उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि, घटना की निष्पक्ष जांच करके दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध ही प्रभावी कार्यवाही करें परंतु ,जांच से यह आभास होना चाहिए कि, जांच निष्पक्ष हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिरोज गांधी कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ राम बहादुर वर्मा, पाल सभा के जिला अध्यक्ष पीएल पाल, एडवोकेट सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व जिला अध्यक्ष भारत लाल वर्मा, यादव महापंचायत के जिला अध्यक्ष हीरालाल यादव, सुशील पासी, एहसान साबिर उर्फ शमशाद, राम सिंह यादव, असद खान, वीरेंद्र यादव, रामविलास यादव, छोटेलाल पासी आदि लोग उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ