5 नेत्र रोगी मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित
रजनीकांत अवस्थी
शिवगढ़/रायबरेली: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में पूर्व सदर विधायक अखिलेश सिंह की पुत्री देवांशी सिंह द्वारा धुन्नी सिंह स्मृति सेवा समिति के बैनर तले नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया।
आपको बता दें कि, नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टर एल0सी0 दास व डॉ0 मनोज दिवाकर ने पंजीकृत सभी 41 नेत्र रोगियों का नेत्र परीक्षण कर 5 नेत्र रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ के अधीक्षक डॉक्टर एलपी सोनकर ने बताया कि, कुल 41 नेत्र रोगियों ने पंजीकरण कराया था। जिनमें से पांच नेत्र रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया है। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित सभी नेत्र रोगियों को ऑपरेशन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ से राणा बेनी माधव जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
विदित हो कि, इससे पूर्व हर साल पूर्व सदर विधायक अखिलेश सिंह द्वारा नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन कराया जाता था। जिनके पग चिन्हों पर चलते हुए पूर्व सदर विधायक अखिलेश सिंह की पुत्री एवं सदर विधायिका आदिति सिंह की छोटी बहन देवांशी सिंह द्वारा अभियान चलाकर जिलेभर में नि:शुल्क नेत्र शिविरों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। नेत्र शिविर में पहुंचे क्षेत्र के लोगों ने पूर्व सदर विधायक अखिलेश सिंह को याद करते हुए उनकी दोनों बेटियों के द्वारा समाज कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की है।

0 टिप्पणियाँ