आरटीजीएस के माध्यम से रूपये तीन लाख देने का आश्वासन
रजनीकांत अवस्थी
बछरावां रायबरेली: गत 1 फरवरी को कस्बे की बेटी वंशिका को जलाकर मार दिया गया। इस घटना ने यहां पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया वहीं दूसरी ओर इस हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र में दुख एवं आक्रोश का माहौल पैदा हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने वंशिका की लाश को चौराहे पर रखकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए हाईवे जाम कर दिया।
आपको बता दें कि, क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत के आश्वासन पर परिजनों ने जाम को समाप्त करते हुए कार्यवाही में सहयोग प्रदान करने की इच्छा जाहिर की थी। इस दौरान जिलेभर के नेता परिजनों के घर ढांढस बंधाने पहुंचते रहे है और लगातार कोई ना कोई बड़ा नेता पक्ष विपक्ष दोनों ओर का वंशिका के परिजनों से मिलकर उनके दुख को बांटने का प्रयास कर रहा है।
इसी क्रम में गत दिवस विधायक राम नरेश रावत ने वंशिका के परिजनों एवं बछरावां के एक प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर परिजनों ने मांग रखी कि, दोषियों के साथ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए ट्रायल फास्ट्रेक में चलाया जाए, जिससे कि, इस मामले का निर्णय अतिशीघ्र और दोषियों को सजा जल्द से जल्द मिल सके। विधायक राम नरेश के प्रयास से आज उप जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से 2 लाख का चेक विधायक रामनरेश रावत और उप जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने वंशिका के पिता को प्रदान की एवं आरटीजीएस के माध्यम से तीन लाख देने का आश्वासन भी दिया गया।
इस दुख की घड़ी में राम नरेश रावत ने कहा कि, सरकार ने इस प्रकार के कृत्यों में लिप्त लोगों से सख्त से सख्त रवैया अपना रखा है। दोषियों को किसी प्रकार से बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार के साथ सरकार का हर नुमाइंदा खड़ा है तथा हर प्रकार से सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, वह व्यक्तिगत रूप से भी आश्वासन देते हैं कि, किसी भी प्रकार की सहायता यदि पीड़ित परिवार को चाहिए होगी तो, वे देने को तैयार है। इस दुख की घड़ी में हम सब एक परिवार की तरह शामिल हैं। परिवार के किसी भी सदस्य को यदि कोई कष्ट होगा तो, तकलीफ परिवार के हर सदस्य को होगी।
इस मौके पर सुनील सागर, भगवान कुमार अवस्थी, सुरेंद्र चौधरी, भल्लू गुप्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ