हाट लाइन पर आया सन्देश- तीन महाविकटों को धर दबोचो-स्वास्थ्य विभाग हांफता नजर आया

मेड-इन चाइना कोरोना से आस्था का पर्व नवरात्र हो सकता है डिस्टर्ब---
मिर्जापुर । भय के काले चादर में लिपट कर पूरे देश को भयाक्रांत करने वाला विशुद्ध 'मेड इन चाइना-कोरोना' को लेकर स्वास्थ्य विभाग हांफता नज़र आ रहा है।  कोई भी विदेश से जिले में आ रहा है तो देश में उतरते ही इन्हें प्रथम दृष्टया कोरोना का संगी-साथी मानकर हाट लाइन पर संदेशे आने लगते है कि इन भूत-प्रेतों को धर-दबोचो ।
 तीन टिकट महाविकट
शुक्रवार, 13 मार्च को स्वास्थ्य विभाग UAE से आए तीन लोगों को महाविकट मानकर खोजने में खुद ही मोबाइल फोन पर आ रही खाँसी की तरह खांसते दिखाई पड़ा । विभाग को बताया गया था कि अहरौरा, चुनार और कछवा में तीन लोगों को तत्काल खोज कर उन्हें जांच-निगरानी में 28 दिन रखा जाए और यह देखा जाए कि इनके गले, नाक और फेफड़े में कोरोना के बच्चे (कीटाणु) तो नहीं दुबके हैं । 
 आस्था से होगा जंग
चण्ड-मुंड, शुंभ-निशुंभ, रक्तबीज-महिषासुर टाइप के कीटाणुओं का बध करने वाली दुर्गा शक्तियों महाकाली-महालक्ष्मी-महासरस्वती के धाम विंध्याचल में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक नवरात्र पर आस्था का ज्वार उमड़ पड़ता है । इस ज्वार में शारीरिक शक्ति देने वाली महाकाली, भौतिक सम्पन्नता देने वाली महालक्ष्मी और मानसिक सुदृढ़ता देने वाली महासरस्वती से वरदान प्रकृति से प्राप्त होता है । लेकिन इस बार कोरोना के चलते प्रशासनिक तंत्र उहापोह में है कि कहीं यह आस्था को प्रभावित न कर दे ।
 रणनीतिबन रही है--
इस बीच DM श्री सुशील कुमार पटेल ने बातचीत में कहा कि नवरात्र पूर्व इस पर रणनीति बनाई जाएगी । दर्शनार्थ आने वालों में विदेशियों पर नजर रखी जाएगी ताकि कहीं से नवरात्र बाधित न हो । हां, दर्शनार्थियों की संख्या कम होने की संभावना है ।
 दवा वाले मास्क दबा के बैठे हैं--
चारों तरफ से बड़े बड़े लोगों की यात्राओं को निरस्त होने की खबरों का सीधा लाभ दवा निर्माताओं एवं विक्रताओं को मिलता दिखाई पड़ रहा है। मास्क के बल पर अपना बैंक बैलेंस बढ़ाने में तमाम विक्रेता पांच गुने दाम पर मास्क बेच रहे हैं। बहराल स्थिति भयावह है ।
                      -सलिलपांडेय, मिर्जापुर ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ