ट्यूबवेल का पानी देने से मना करने पर दबंगों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक को उतारा मौत के घाट, तीन को किया घायल।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सेरी मजरे दुलमपुर में ट्यूबवेल से पानी न मिल पाने से आक्रोशित एक दबंग परिवार ने ट्यूबल मालिक के घर पर चढ़ाई कर जमकर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ीओं से मारपीट की। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
     आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त ग्राम निवासी शीतला प्रसाद मिश्र का अपना ट्यूबवेल खेतों में लगा हुआ है। उस ट्यूबवेल से गांव के ही रहने वाले संजय बाजपेई पुत्र पुत्तन बाजपेई भी पानी मांग रहे थे। परंतु मिश्र परिवार उन्हें पानी देने के लिए तैयार नहीं था। इससे पहले भी दोनों परिवारों के बीच कई बार विवाद हो चुका था। 6 अप्रैल को भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। दिन के लगभग 12 बजे जिस समय शीतला प्रसाद मिश्र का परिवार अपने घर पर ही मौजूद था, अचानक संजय बाजपेई द्वारा अपने पुत्रों सुंदरम उर्फ शरद तथा मनोज बाजपेई व सरोज बाजपेई तथा अंकुश बाजपेई पुत्रगण चुन्नू बाजपेई व एक महिला प्रिया के साथ योजनाबद्ध तरीके से लाठी-डंडे व कुल्हाड़ीओं से लैस होकर मिश्र परिवार पर हमला कर दिया। 
     पीड़ित परिवार का आरोप है कि, हमलावर शीतला प्रसाद के पुत्र शशि कुमार उम्र 30 वर्ष को बाहर घसीट कर ले गए और तब तक मारते रहे जब तक उसकी मृत्यु नहीं हो गई। चश्मदीद बताते हैं कि, अपने पुत्र को बचाने के लिए शीतला प्रसाद दूसरे पुत्र मनीष आशीष तथा पुत्रवधू कल्पना के साथ जब दौड़े, तो लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से लैस हमलावरों द्वारा उन्हें भी पीटा गया। जिसमें शीतला प्रसाद का हाथ टूट गया तथा मृतक की पत्नी कल्पना सहित दोनों भाइयों को गम्भीर चोटें आई है।
      मृतक के भाई मनीष कुमार मिश्र की तहरीर पर स्थानीय थाने में पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम तथा घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।
       ज्ञात हो कि, मामूली विवाद को लेकर दबंगों द्वारा मृतक  की दो अबोध बच्चियों तनु और मनु तथा पत्नी को अनाथ और बेसहारा कर दिया गया है। घरवालों का रो रो कर बुरा हाल है।
      इस संबंध में थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, और अतिशीघ्र अपराधियों को पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ