दो पक्षों के विवाद में वृद्ध की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: बछरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें एक वृद्ध की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर-आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
       आपको बता दें कि, ट्यूबेल का गड्ढा खोदने को लेकर दो पक्षों में विवाद इस कदर बढ़ा कि, लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए। जानकारी के मुताबिक महाबल खेड़ा मजरे नीवां गांव के रहने वाले अनूप कुमार ने बछरावां थाने में दी गई तहरीर में लिखा है कि, वह अपने पिता राधेश्याम 60 वर्ष के साथ ट्यूबेल का गड्ढा खोद रहे थे। इसी दौरान उनके परिवार के सदस्य राजेंद्र उर्फ झंडे, सोनी उर्फ कमलेश पुत्र गण श्रीकृष्ण तथा श्रीकृष्ण पुत्र केतार, फूलमती पत्नी श्रीकृष्ण रंजना पत्नी भंडारी तथा बबली पत्नी टेनी मौके पर आए और गाली गलौज करने लगे। जब उनके पिता राधेश्याम ने इसका विरोध किया, तो उनके ऊपर भी लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। जिससे उनके पिता राधेश्याम घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
      जिससे आनन-फानन उन्हें बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। परंतु हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अनूप कुमार की तहरीर पर 5 लोगों के विरुद्ध मामले की रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन प्रारंभ की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ