अब गौशालाओं में बनेगा जीवामृत तरल जैविक खाद।। Raebareli news ।।

विधायक रामनरेश रावत ने मऊ गांव की गौशाला में किया कार्यशाला का उद्घाटन
महज ढाई रुपए प्रति लीटर में किसानों को मिलेगी तरल जैविक खाद जीवामृत
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: अब गौशालाओं में रखी गई गायों के मूत्र से ताकतवर तरल जैविक जीवामृत तैयार किया जाएगा, और सस्ते दामों में किसानों को वितरित किया जाएगा। ताकि धीरे-धीरे रासायनिक खादों के ऊपर किसानों की निर्भरता को कम किया जा सके। इसी क्रम में क्षेत्र के मऊ गर्बी स्थित ग्राम गौशाला में कृषि विभाग व पशुपालन विभाग से आये विशेषज्ञों के बीच क्षेत्रीय विधायक रामनरेश रावत ने बकायदे शुभारंभ किया।
    आपको बता दें कि, महराजगंज ब्लॉक के मऊ गर्बी गांव में स्थित ग्राम गौशाला में इस समय 265 आवारा पशुओं को लाकर उनका पालन पोषण किया जा रहा है। आज क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत की मौजूदगी में कृषि विभाग के विशेषज्ञों एचएन सिंह सहित जीपी सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉक्टर कनौजिया उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ मिलकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें रासायनिक खादों के धुआंधार प्रयोग से कम हो रही जमीन की उर्वरक क्षमता तथा पैदा हो रही बीमारियों को लेकर चिंता व्यक्त की गई।
     वहीं कृषि विभाग के विशेषज्ञ एचएन सिंह ने विधायक राम नरेश रावत और ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में बताया कि, कृषि विभाग ने बहुत ही शोध करके एक जैविक तरल पदार्थ की खोज की है। जिसमें 180 लीटर पानी के साथ 20 लीटर गोमूत्र और उसमें 2 किलो ग्राम गुण तथा 2 किलो ग्राम चने का बेसन, इसके अलावा ढाई सौ ग्राम विशेष मिट्टी जोकि, पीपल अथवा बरगद के पेड़ के नीचे की होनी चाहिए। 
    इन सबको मिलाकर एक घोल तैयार किया जाएगा, जो 3 दिन तक छाया में ढक कर रखा जाएगा। जिसके बाद इसे फिल्टर कर खेतों में छिड़काव योग्य बनाया जाएगा।
    अब आपको यहां यह बताना जरूरी हो गया है कि, गोमूत्र से तैयार किया गया यह तरल जीवामृत किसानों को मात्र 2 रुपए 50 पैसे प्रति लीटर बिक्री किया जाएगा। इसे जीवामृत तरल जैविक का नाम दिया गया है। इस जीवामृत तरल के प्रयोग के बारे में उन्होंने बताया कि, कृषि विभाग द्वारा इसके उपयोग के तरीके बताने के लिए जगह जगह प्रदर्शन भी किए जाएंगे।
      विशेषज्ञों ने दावा किया है कि, तरल जीवामृत जैविक खाद किसी भी स्तर पर रासायनिक उर्वरकों के तुलना में अधिक कारगर साबित होगी और उसका जमीन के उपयोग में कोई हानिकारक पक्ष नहीं होगा।
    इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक राम नरेश रावत ने कृषि विभाग की अनूठी पहल का स्वागत करते हुए अधिकारियों को बधाई दी है, और आशा व्यक्त की है कि, शीघ्र ही जनपद की सभी गौशालाओं में यह व्यवस्था कर दी जाएगी। जिससे जीवामृत अधिकाधिक मात्रा में निर्मित होगा और ज्यादा से ज्यादा किसान भाई लाभान्वित होंगे।
     वहीं ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह आए हुए कृषि विभाग व पशुपालन विभाग के अधिकारियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद जताया, और उन्होंने कहा कि, महराजगंज ब्लॉक की सभी गौशालाओं में इन विशेषज्ञों की मदद से गोमूत्र एकत्र कर जीवामृत तैयार कराए जाने का काम तेजी से किया जाएगा।
     इस मौके पर ग्राम प्रधान नीलम सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता विद्या सागर अवस्थी एडवोकेट, भोलू सिंह, भुल्लर सिंह, राजू सिंह, राजू नाई, अजय गुप्ता, डीडी मिश्रा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ