दलितों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगा पासी समाज
जिले से लेकर राजधानी लखनऊ तक प्रदर्शन की तैयारी
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: राष्ट्रीय पासी सेना के अध्यक्ष संजय पासी ने कहा कि, उ0प्र0 की योगी सरकार दलित विरोधी है। जब से योगी सरकार आयी है, दलितों पर उत्पीड़न बढ़ गया है। दलितों की रिपोर्ट तक थाने में पंजीकृत नहीं की जाती है।
आपको बता दें कि, एक बातचीत के दौरान राष्ट्रीय पासी सेना के अध्यक्ष संजय पासी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि, थाना शिवगढ़ के अन्तर्गत ग्राम अकबरगंज, मजरे अलीपुर गांव निवासी धीरज कुमार पासी को सवर्णो ने घसीट-घसीट कर लात-घूंसों से मारा, उसकी रिपोर्ट तक नहीं लिखी जा रही है, तथा ग्राम पड़ीराकलां निवासी रमेश राजवंशी, सोनू राजवंशी के ऊपर जानलेवा हमला हुआ, किन्तु गिरिफ्तारी आज तक नहीं हुई। कोतवाली नगर के अन्तर्गत दलित ग्राम विकास अधिकारी महिला के साथ सवर्णो से छेड़खानी व मारपीट के मुल्जिमान गिरफ्तार नहीं किये जा रहे हैं।
पासी सेना के अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि, थाना भदोखर के गाँव बेला टेकई में दलितों के ऊपर जानलेवा हमला हुआ, अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। थाना खीरों के कमालपुर निवासी एक महिला के साथ एक सामंती ने बलात्कार का प्रयास किया। महिला एक साल से दौड़ रही है, जिसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं लिखी गयी। रक्षाबन्धन बाद पीड़ित महिला मुख्यमन्त्री आवास के सामने धरना देगी। थाना खीरों की पुलिस पीड़िता के परिवार वालों का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने बताया कि, डलमऊ थाने में एक महिला के साथ किये गये सामूहिक बलात्कार की घटना में आरोपियों की गिरिफ्तारी नहीं की गयी है। थाना बछरावाँ क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम नन्दाखेड़ा में पासियों के ऊपर सवर्णो द्वारा किये गये हमले पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। हरचन्दपुर थाना क्षेत्र डिघौरा सोममऊ गांव में प्रमोद पासी के ऊपर सामन्तियों द्वारा किये गये जानलेवा हमले में अभी तक आरोपियों की गिरिफ्तारी नहीं की गयी है। वहीं महराजगंज थाना क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र पासी पर सामन्तवादियों द्वारा दो बार जान से मारने के उद्देश्य से वार किये गये तथा लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है, थाना महराजगंज की पुलिस किसी गम्भीर घटना का इन्तजार कर रही है।
श्री पासी ने कहा कि, योगी सरकार पासी समाज के धैर्य की परीक्षा न ले, हम पासी समाज के लोग राजा सुहेलदेव पासी व वीरांगना ऊदा देवी पासी, बिजली पासी व अमर शहीद वीरा पासी के वंशज है, हम अपना बदला लेना जानते हैं, लेकिन इसी के साथ हम बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के अनुयायी भी है, संविधान पर पूरा भरोसा है, इसलिए संवैधानिक तरीके से उत्पीड़न की मांग को उठा रहे हैं, आवश्यकता पड़ी, तो जिले से लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी तक आन्दोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

0 टिप्पणियाँ