रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विकासखंड क्षेत्र बछरावां के अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित राजामऊ गांव में राजामऊ राज परिवार द्वारा विशाल शिव मंदिर का निर्माण कराया गया था। जिसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा केंद्रीय संरक्षित स्मारक शिव मंदिर घोषित किया गया है। शिव मंदिर पर राज परिवार के ही राजा भुवनेश्वर बक्स सिंह द्वारा नव निर्माण कराया जा रहा है। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग गोलागंज लखनऊ में की है। जिस पर वरिष्ठ संरक्षक सहायक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा बछरावां थाना अध्यक्ष को पत्र लिखकर केंद्रीय संरक्षित स्मारक शिव मंदिर राजामऊ के निकट हो रहे नव निर्माण को रोकने के लिए कहा गया है।
आपको बता दें कि, पत्र के माध्यम से बताया गया कि, प्रत्येक संरक्षित स्मारक के चतुर्दिक 100 मीटर के क्षेत्र को प्रतिषिद्ध एवं उससे परे 200 मीटर के क्षेत्र को विनियमित क्षेत्र घोषित किया गया है। जिसमें प्रतिषिद्ध क्षेत्र में किसी प्रकार के निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध एवं विनियमित क्षेत्र में सक्षम प्राधिकारी आयुक्त लखनऊ मंडल लखनऊ की पूर्व अनुमति के बगैर किसी भी प्रकार का नवनिर्माण, पुनर्निर्माण, मरम्मत, परिवर्तन, परिवर्धन नहीं किया जा सकता है।
पत्र के माध्यम से बछरावां पुलिस से अनुरोध किया गया है कि, भुवनेश्वर बक्स सिंह द्वारा प्रतिषिद्ध क्षेत्र में नव निर्माण कराया जा रहा है, अतः अवैध निर्माण को तत्काल रोकने व निर्माण करता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाये।
मामले में कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि, पत्र मिला है। निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। जांच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ