उप डाकघर महराजगंज में आधार कार्ड बनवाने वालों का उमड़ा हुजूम, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां।। Raebareli news ।।

 


रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: महराजगंज स्थित उप डाकघर में आधार कार्ड बनवाने आए लोगों की भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा कर रख दी। मालूम हो कि, इस उप डाकघर में तैनात डाक निरीक्षक के 2 दिन पहले कोरोना संक्रमित पाया गया है, फिर भी डाक तार विभाग द्वारा कोरोना रोकथाम के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। यह मामला शनिवार का है, जबकि प्रदेश सरकार द्वारा सप्ताह में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रखने का निर्णय लिया गया है। परंतु उप डाकघर और बैंकें भारत सरकार के नियंत्रण में हैं, इसलिए प्रदेश सरकार के लॉकडाउन के आदेश का यहां पर कोई असर नहीं है।


   आपको बता दें कि, महराजगंज उप डाकघर में आधार कार्ड बनाने तथा संशोधन करने का काम किया जाता है। जिसके लिए प्रायः भारी भीड़ उमड़ती है। आए दिन यहां हो-हल्ला हुआ करता है। आज शनिवार को प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में लॉक डाउन की घोषणा की गई थी। जिसके तहत सभी कार्यालय बंद थे। बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ था। लेकिन उप डाकघर महराजगंज में हजारों की भीड़ जुटी थी, और आपस में लोग धक्का-मुक्की करके पहले आधार खिड़की तक पहुंचने के लिए उतारू थे। धक्का-मुक्की में कई बार महिलाएं भी किसी से पीछे नहीं दिख रही थी, बीच-बीच में हंगामा भी हो जाता था। यह भी तब जबकि उप डाकघर और थाने की बाउंड्री के मध्य महज 10 मीटर की दूरी है।


    भीड़ अनियंत्रित होते देख डाकघर के डाक सहायक सूरज सिंह ने तत्काल कोतवाली पुलिस को फोन किया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर लगभग डेढ़ दर्जन की तादाद में पुलिस वाले उप डाकघर पहुंचे और किसी तरह से भीड़ को नियंत्रित कर उप डाकघर के बाहर करवाया। लेकिन लोग थे कि, मानने को तैयार ही नहीं थे। अंत में यह तय हुआ कि, सभी को आगामी तिथि का टोकन देकर विदा किया जाए। इस काम में पुलिस को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी।


     डाक सहायक सूरत सिंह ने बताया कि, हालांकि आधार कार्ड बनवाने का काम सभी उप डाकघरों में होना चाहिए, यहां तक कि, बैंकों में भी इसकी सुविधा सरकार ने दे रखी है। लेकिन कहीं आधार कार्ड नहीं बनाए जाते है। सभी जगह के लोगों को यहां भेज दिया जाता है, जिससे यहां भीड़ हो जाती है। यद्यपि उन्होंने 28 तारीख तक के टोकन पहले ही बांट रखे थे। आज प्रदेश सरकार के लॉक डाउन के मद्देनजर टोकन बनाने का कोई काम नहीं था। फिर भी ना जाने क्यों इतनी भीड़ यहां एकत्र हो गई। उन्होंने पुलिस बल का आभार जताते हुए कहा कि, पुलिस बल ने सब कुछ संभाल लिया। भविष्य में वह प्रयत्न करेंगे कि, शनिवार को यहां भीड़ ना होने पाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ