रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: ब्लॉक क्षेत्र के मोन गांव में एक 1 साल की बच्ची के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित पाई गई बच्ची के परिवार सहित आसपास के रहने वाले 25 लोगों का सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेज दिया है। वहीं चार और लोगों के नमूने सीएचसी परिसर में लेकर इन्हें भी जांच के लिए भेजा गया है।
आपको बता दें कि, करौना के बढ़ते प्रकोप को लेकर आम जनमानस में दहशत बनी हुई है। सीएचसी के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर कमल श्रीवास्तव ने बताया कि, मोन गांव की 1 वर्षीय बच्ची के अंदर कोरोना जैसे लक्षण पाए जाने के बाद उसका सैंपल लेकर राम मनोहर लोहिया इंस्टिट्यूट लखनऊ भेजा गया था, जहां से उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज मौके पर जाकर पीड़ित बच्ची के परिजनों सहित आसपास संपर्क से आए 25 लोगों का भी नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
जबकि सीएचसी पर 4 लोगों ने कोरोना लक्षण से मिलते जुलते लक्षण पाए जाने पर जांच कराई है। जिसकी रिपोर्ट 72 घंटे में आ जाएगी। हालांकि अभी भी सीएचसी मुख्यालय पर एंटीजन टेस्ट किट का अभाव है। जिसके चलते गांव में मौके पर जाकर जांच करना संभव नहीं हो पा रहा है।

0 टिप्पणियाँ