रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाये गये लॉकडाउन के दौरान देशभर में साइबर ठगी के मामले बढ़ने लगे हैं। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के दशवतपुर गांव में साइबर ठगों ने एटीएम पिन एवं मोबाइल नंबर मांगकर दो लोगों को ठगी का शिकार बनाया। लॉकडाउन में साइबर ठग फर्जी शॉपिंग वेब बनाकर सैनेटाइजर, कोरोना सेव किट, फेस मास्क पर भारी डिस्काउंट ऑफर देकर अथवा ऑनलाइन पढ़ाई की वेबसाइट बनाने के नाम पर लोगों साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। आधुनिकता के इस दौर में साइबर क्राइम करने वाले अपराधियों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। लगातार साइबर धोखाधड़ी आम जनमानस के साथ की जा रही है।
आपको बता दें कि, ऐसा ही एक मामला रायबरेली जनपद में बछरावां थाना क्षेत्र के पेशे से शिक्षक दीपक कुमार चौधरी निवासी मोहनलाल खेड़ा पोस्ट इसिया थाना बछरावां के साथ घटित हुआ है। उन्होंने अपने पूरे घटनाक्रम का लिखित शिकायती पत्र देकर बछरावां थाना अध्यक्ष को अवगत कराया है कि, कुछ दिन पूर्व अभिजीत पटेल निवासी ग्राम दोस्तपुर थाना बछरावां जनपद रायबरेली के द्वारा फोन करके बताया गया कि, ऑनलाइन पढ़ाने हेतु वेबसाइट बनाने का ऑफर दिया गया, और कहा कि, वेबसाइट बनाने में दो हजार छह सौ रुपए का खर्च होगा। उनकी बातों से सहमत होकर दीपक कुमार चौधरी द्वारा दो हजार छह सौ रुपए का भुगतान तीन चरणों में किया गया। परंतु अभिजीत पटेल द्वारा बनाई गई वेबसाइट नहीं चली।
वेबसाइट के ना चलने पर कई बार अभिजीत से दीपक ने पैसा वापसी के लिए कहा, तो वह आनाकानी करता रहा। कई बार मांगने पर केवल छह सौ रुपए की वापसी की, वहीं और तो और फर्जी तरीके से छह सौ के आगे दो लगाकर स्क्रीनशॉट लेकर दो हजार छह सौ रुपए का भुगतान भी दिखा रहे हैं। उन्होंने स्क्रीन शॉट मोबाइल पर भेजने के बाद कहा कि, अब मुझसे पैसे मत मांगना, नहीं तो हम पुलिस में एफ आई आर दर्ज करा देंगे। यहां चोरी तो चोरी ऊपर से सीना जोरी की कहावत पूरी तरह से चरितार्थ हो रही है। इसी तरह से साइबर अपराधियों द्वारा क्षेत्र में भोले भाले लोगों को ठगा जा रहा हैं।


0 टिप्पणियाँ