लखनऊ: प्रदर्शन की व्यूह रचना सटीक और सुनियोजित थी, जिसके लिए प्रशासन और पुलिस बिल्कुल तैयार नहीं दिखे। इक्का-दुक्का सामान्य प्रदर्शनकारी आते रहे, जिससे पुलिस भी इत्मीनान से हो गई कि, उसकी व्यवस्था चाक चौबंद है। धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ने लगी। करीब ढाई बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैकड़ों की भीड़ लेकर आ गए। तब भी प्रशासन और पुलिस ने गंभीरता को नहीं समझा। नतीजतन इसके बाद स्थिति उसके हाथ से निकल गई।
एक-एक कर आना शुरू हुए प्रदर्शनकारी: आपको बता दें कि, समय तकरीबन 1 से 2 बजे दिन में परिवर्तन चौक छावनी में तब्दील हो चुका था। कमिश्नर मुकेश मेश्राम और एडीजी एसएन साबत खुद मोर्चा संभाले हुए दिखे। इसी बीच एक महिला हनुमान सेतु की तरफ से तेजी से चलते हुए परिवर्तन चौक की ओर बढ़ी। उसको हिरासत में ले लिया गया। लगभग दो बजे तक एक-एक कर प्रदर्शनकारी आने लगे। शुरुआत महिलाओं से हुई। स्कूटी से एक युवती तेजी से आई और जब तक कोई समझ पाता, उसने एक पोस्टर निकाल लिया और चारों ओर दिखाने लगी, तभी एक और युवती आई उसने भी यही किया। दोनों को बस में बैठा दिया गया।अचानक भीड़ को देखकर पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव फूले: समय 2 से 3 बजे क्लार्क्स अवध के पीछे से कच्चे रास्ते के सहारे करीब दो दर्जन प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए परिवर्तन चौक तक आए, तो पुलिस ने उनको खदेड़ दिया। तभी इतनी ही संख्या में युवक केडी सिंह बाबू स्टेडियम की तरफ से आ गए, जिनको जीप में भर कर ले जाया गया। जब तक पुलिस समझ पाती तब तक सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ परिवर्तन चौक पर आ धमके। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर एक बस में भरकर भेज दिया।भीड़ को देखकर वापस लौटे एडीजी और कमिश्नर: समय लगभग 3 से 4 बजे के करीब कांग्रेसियों के जाने के कुछ देर बाद ही हजारों की संख्या में युवक युवतियां केडी सिंह बाबू स्टेडियम पहुंच गए। हाथों में तिरंगा और तख्तियां लिए आगे बढ़ रही इस भीड़ को रोकने पहले पुलिस कर्मी दौड़े, इसके बाद एडीजी और कमिश्नर उस तरफ गए लेकिन आक्रोश देखने के बाद उल्टे पांव लौट गए। कुछ देर तक तो भीड़ केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास ही नारेबाजी करती रही फिर अचानक आगे बढ़ गई। इसी बीच हनुमान सेतु और कलेक्ट्रेट की तरफ से सैकड़ों लोगों का हुजूम परिवर्तन चौक तक आ गया। अब पुलिस बेबस नजर आने लगी। इतनी भीड़ के लिहाज से उसके पास कोई मजबूत योजना नहीं थी। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस प्रदेश सचिव सुशील पासी, एआईसीसी मेंबर राम शंकर चौधरी, हौसिला प्रसाद तिवारी, दिनेश शुक्ला, आशुतोष सिंह, प्रिंस वैश्य, इरशाद आलम, जावेद सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।





0 टिप्पणियाँ