बछरावां/रायबरेली: समाजवादी पार्टी के प्रतापगढ़ जनपद से पूर्व विधायक सीपी सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल एवं एमएलसी सुनील सिंह साजन को चुरूआ टोल प्लाजा पर प्रशासन ने प्रतापगढ़ जाने से रोक दिया है।
आपको बता दें कि, इस दौरान एमएलसी सुनील सिंह साजन ने कहा कि, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा निर्देश पर शोक संवेदना व्यक्त करने प्रतापगढ़ से पूर्व विधायक सीपी सिंह के निधन पर जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाया कि, सरकार और शासन बताएं की हमें क्यों रोका जा रहा है, क्या उत्तर प्रदेश की सरकार शोक संवेदना व्यक्त करने भी नहीं जाने देगी। उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश में गुंडाराज है। आम जनमानस सरकार की नीतियों से त्रस्त है। इस मौके पर सपा के ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडेय, सपा के पूर्व विधायक रामलाल अकेला, पूर्व विधायक श्यामसुंदर भारती, विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज, बछरावां ब्लॉक प्रमुख विक्रांत अकेला, सपा नेता आशीष चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे और योगी सरकार के विरोध में नारेबाजी करते रहे। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान उप जिला अधिकारी महराजगंज विनय कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी, कोतवाल मोहनलालगंज जीडी शुक्ला, थानाध्यक्ष राकेश सिंह, हरचंदपुर थानाध्यक्ष अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ