डीएम और एसपी के एक्शन में आने के बाद 16 घंटे बाद बहाल हो सकी महराजगंज की विद्युत आपूर्ति
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: पावर कारपोरेशन के अभियंताओं और कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर विगत 5 तारीख से शुरू किए गए हड़ताल के चलते पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई, बीती रात 8:00 बजे गुल हुई बिजली से सभी फीडर बंद हो गए। आखिरकार मामला जब संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर यहां तहसील आए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसपी श्लोक कुमार के संज्ञान में आई, तो डीएम एसपी ने खुद मोर्चा संभाला और महराजगंज ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र के अलावा जिहवा पावर हाउस पहुंचे और विद्युत कर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
आपको बता दें कि, डीएम और एसपी के सख्त तेवर देखकर मौजूद विद्युत कर्मी सहम से गए। विद्युत कर्मियों के यह कहने पर कि, फाल्ट की वजह से आपूर्ति ठप है। किंतु शटडाउन ना मिलने की वजह से फाल्ट को ठीक नहीं कराया जा रहा है। इस पर डीएम ने एसडीएम महराजगंज को उप केंद्रों पर मौजूद रहकर संविदा कर्मियों को शटडाउन दिला कर फाल्ट ठीक होने तक मौजूद रहने के निर्देश दिए। जिसके बाद एसडीएम तब तक विद्युत उपकेंद्र पर जमे रहे, जब तक की आपूर्ति बहाल नहीं हो गई। इस प्रकार 16 घंटे विद्युत गुल रहने के बाद डीएम और एसपी के हस्तक्षेप पर आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान क्षेत्र के सभी पांच फीडरों पर विद्युत गुल रही, और लगभग 10,000 उपभोक्ताओं को भीषण उमस गर्मी तथा पेयजल मुवस्सर नहीं हो सका। लोगों के मोबाइल तक डिस्चार्ज हो गए और लोग परेशान रहे।

0 टिप्पणियाँ