यदि किसी व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, तो उसका उल्लेख भी रजिस्टर में किया जाए, भू माफियाओं पर होगी सख्त कार्यवाही डीएम।। Raebareli news ।।

सरकारी जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए हर विभाग रजिस्टर बनाए- डीएम वैभव श्रीवास्तव

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि, हर विभाग का अधिकारी अपने-अपने विभाग की जमीन का हिसाब किताब रखने के लिए एक रजिस्टर बनाएगा कि, कागज पर कितनी जमीन है, और कितने पर विभाग का कब्जा है। यदि किसी व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, तो उसका उल्लेख भी रजिस्टर में किया जाए, और अवैध कब्जों के बारे में उन्हें पत्र लिखकर भेजा जाए। सरकारी जमीन हथियाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने उक्त आदेश महराजगंज के तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर यह बातें कहीं हैं। इसके अलावा आज आई 105 शिकायतों की सुनवाई की गई। जिस में सर्वाधिक 31 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे, जबकि पुलिस से संबंधित 27 और विकास से संबंधित 19 वहीं विद्युत विभाग से संबंधित 7 प्रार्थना पत्र, आपूर्ति विभाग से एक तथा 20 प्रार्थना पत्र अन्य विभागों से संबंधित रहे। इनमें 12 का आज ही निस्तारण किए जाने का दावा किया गया है।

     आपको बता दें कि, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार लगभग 10:30 बजे तहसील पहुंचे और उनके साथ रायबरेली के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल और सीएमओ डॉ वीरेंद्र सिंह भी पहुंच गए। शिकायतों की सुनवाई के पहले डीएम ने हाल में बैठे सभी प्रतिनिधियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का निर्देश दिया। इसके चलते तमाम अधिकारियों को तहसील सभागार के बगल में स्थित हाल में भी बैठाया गया। शिकायतों की सुनवाई में डीएम का रुख उस समय कड़ा हो गया, जबकि महराजगंज कस्बे के कमलेश कुमार जायसवाल ने राजकीय कृषि बीज भंडार की जमीन पर अवैध निर्माण व अवैध कब्जे की शिकायत की। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को तलब कर मामले के बारे में पूछा, उनके उत्तर से संतुष्ट ना होकर जिलाधिकारी ने उन्हें जमकर फटकार लगाई, और सीडीओ एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर उचित कार्यवाही करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय प्रतिनिधियों को अपने-अपने विभाग की भूमि के संबंध में रजिस्टर बनाकर पर्याप्त जानकारी लिखकर रखने के निर्देश दिए। तहसील दिवस के मौके पर एक मामले में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधिशासी अभियंता द्वारा सही जवाब ना देने पर डीएम ने सबके सामने उनको जमकर फटकारा और कठोर कार्यवाही किए जाने के संकेत दिए। जबकि तमाम मामलों में आबादी से जुड़ा मामला होने के कारण उप जिलाधिकारी विनय मिश्रा को उन्होंने हिदायत दी, कि इस तरह के सभी मामलों की सुनवाई थाना समाधान दिवस के मौके पर की जाए।

   तालाबों पर अवैध निर्माण की शिकायत पर भी डीएम ने एसडीएम और तहसीलदार विनोद कुमार सिंह को सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम से पूछा कि, जमीन संबंधी छोटे-छोटे मामले आखिर समाधान दिवस में क्यों आ रहे हैं। इन मामलों का सही ढंग से निस्तारण किया जाए। गांव कुबेदान का पुरवा मजरे राघोपुर के रहने वाले पुरवीदीन, विकास और रामसरन ने मनरेगा के तहत अट्ठारह अट्ठारह दिन मजदूरी करने के बाद भी महीनों बीत जाने पर अभी तक पेमेंट ना मिलने के मामले में शिकायत की, तो डीएम ने एपीओ मनरेगा को बुलाकर तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए। वहीं सहेगों गांव के रहने वाले रोडवेज बस ड्राइवर यशपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि, सेहगों में जिस जगह रोडवेज की बस सुबह वे खड़ी करते हैं, वहां पर गांव के दबंगों वीरेंद्र आदि ने गाड़ी धुलाई का चबूतरा बना दिया है। डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिया कि, अवैध कब्जे को हटवाया जाए। इसी प्रकार गढ़ी मजरे अतरेहटा की रहने वाली एक महिला ने गांव के ही दबंगों द्वारा विगत 4 अप्रैल को कथित रूप से दुराचार किए जाने की शिकायत दर्ज कराई, और बताया कि, उसकी तहरीर पर आज तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जिस पर एसपी श्लोक कुमार ने महराजगंज कोतवाली पुलिस को मामले में एफ आई आर दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए हैं।

     संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर अधिकारियों में एसडीएम विनय कुमार मिश्रा, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, तहसीलदार रामकिशोर वर्मा के अलावा प्रमोद कुमार जिला सूचना अधिकारी, कोतवाल श्री राम, शिवगढ़ कोतवाल धीरेंद्र यादव, हरचंदपुर कोतवाल अनिल कुमार सिंह, बछरावां कोतवाल राकेश सिंह, ईयो नगर पंचायत महराजगंज डॉ राजेश कुमार, ईयो बछरावां अजीत कुमार बागी, महराजगंज सीएचसी प्रभारी डॉक्टर भावेश सहित शिक्षा, सिंचाई, बाल विकास परियोजना, खंड विकास अधिकारी महराजगंज बछरावां प्रवीण कुमार तथा महकमों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ