पेड़ से लटकता मिला युवक का शव परिजन जता रहे हत्या की आशंका।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: बछरावां थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा मजरे राजा मऊ गांव में पेड़ से लटकता एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर थाने ले आई, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।


    आपको बता दें कि, मामला बछरावां थाना क्षेत्र के रानी खेड़ा गांव का है, जहां गांव निवासी रंजीत 28 पुत्र छविनाथ का शव पेड़ से लटकता पाया गया। परिजनों के आशनाई में हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। किसी मामले में गत दिवस मृतक के घरवालों ने गांव की ही एक महिला के विरुद्ध थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया था। इसी बात को लेकर युवक के घर में भी काफी विवाद हो गया था। परिजनों के अनुसार मृतक रंजीत शुक्रवार को सायंकाल घर से निकला था, और लौटकर जब घर नहीं आया, तो उसकी खोजबीन की जाने लगी।


   परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद गांव के किनारे स्थित खेल के मैदान में पेड़ से लटकती हुई उसकी लाश पाई गई है। परिजनों के द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हकीकत तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


   मामले में थाना अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि, जांच प्रारंभ कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ