रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: सेनपुर मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में चरागाह की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके धान की फसल तैयार करने के मामले में लेखपाल द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद 4 काश्तकारों द्वारा चोरी से धान की फसल काट कर उठा ले जाने के मामले में पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आपको बता दें कि, अजीजगंज और सेनपुर के बीच में चरागाह की भूमि पर 7 लोगों ने कब्जा करके लगभग 10 बीघे जमीन पर धान की फसल लगा रखी थी। यह बात तहसीलदार विनोद कुमार सिंह की जानकारी में आई, तो उन्होंने क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक श्रीकांत पांडेय और हल्का लेखपाल विपिन कुमार मौर्य को मामले की जांच करने को भेजा। जांच करने पर गांव निवासी मैंकू पुत्र राम लौटन, बैजनाथ पुत्र शिवराम, गया प्रसाद पुत्र शिवराम, राजरानी पत्नी रामकुमार समेत 7 लोगों के कब्जे की बात सामने आई। जिस पर तहसीलदार ने सभी को नोटिस जारी करने का निर्देश करते हुए फ़सल को कुर्क करनी थी, और फसलों की नीलामी के लिए विगत 28 तारीख की तिथि नियत की थी।
मौके पर नीलामी करवाने कानूनगो और लेखपाल पहुंचे, तो पता चला कि, इन चारों लोगों ने बोई हुई फसलें रात ही में काट कर उठा ले गए। मामले की जानकारी लेखपाल और कानूनगो ने तहसीलदार को दी। जिस पर तहसीलदार ने लेखपाल को चारों लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए थे। जिस पर लेखपाल विपिन कुमार मौर्य ने चारों लोगों मैंकू, बैजनाथ, गया प्रसाद, राजरानी के विरुद्ध सरकारी फसल चोरी से काट ले जाने का मुकदमा कोतवाली महराजगंज में पंजीकृत कराया है।
मामले में कोतवाल श्रीराम का कहना है कि, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छानबीन कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ