रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज दुसौती मार्ग पर बहादुरपुर चौराहे के निकट दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे पूर्व विधायक राजाराम त्यागी और जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू की सूचना पर 112 डायल पुलिस के साथ-साथ कोतवाल महराजगंज श्रीराम मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस द्वारा महराजगंज सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर चारों की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
आपको बता दें कि, मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के सारी पुर गांव का रहने वाला राकेश 19 पुत्र मातादीन बाइक से घर वापस लौट रहा था। जबकि दूसरी ओर से एक ही बाइक पर तीन लोग सवार थे। जिनमें अमेठी जनपद के थाना मोहनगंज के गांव लक्ष्मण प्रसाद का पुरवा निवासी राजेंद्र 30 पुत्र जग प्रसाद और महराजगंज थाना क्षेत्र के तुराब नगर गांव के रहने वाले प्रहलाद 30 पुत्र शिवचरण व सूरज 24 पुत्र कल्लू इधर से दुसौती की तरफ जा रहे थे। बहादुरपुर गांव चौराहे के पास सुनसान सड़क पर दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग लहूलुहान होकर सड़क पर पड़े रहे। दोनों मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह चकनाचूर हो गई थी।
उधर निमंत्रण करके लौट रहे भाजपा नेता व पूर्व विधायक राजाराम त्यागी के साथ जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू घटनास्थल के पास पहुंचे तो यह मंजर देखते हुए उन्होंने गाड़ी रोक कर कोतवाली पुलिस और 112 डायल पुलिस के साथ-साथ एंबुलेंस 108 को सूचना दी। सूचना पाते ही कोतवाल श्री राम मौके पर पहुंचे, चारों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।




0 टिप्पणियाँ