नवरात्रों में नहीं स्थापित होंगी मूर्तियां, ना ही दशहरे में होगी रामलीला-एसडीएम।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: उप जिलाधिकारी विनय मिश्रा ने कहा है कि, आगामी त्योहारों को लेकर कोरोना महामारी के काल में शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के तहत न तो दुर्गा पूजा में मूर्तियां ही स्थापित की जाएंगी, और न ही रामलीला का मंचन किया जाएगा। बल्कि शासन के नए निर्देशों के तहत सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नवरात्रि और दशहरा, दीपावली त्यौहार मनाए जाएं। गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रशासन कड़ी कार्यवाही करने को तैयार है। इसके अलावा उन्होंने धान कटने के बाद पराली को खेतों में जलाने के मामले में कहा कि, उन्हीं कंबाइंड मशीनों को फसल काटने की अनुमति होगी, जिनके पास पराली को इकट्ठा करने का यंत्र होगा। बगैर उस यंत्र के अगर कहीं भी कंबाइंड मशीन काम करती पाई गई, तो उन्हें सीज कर दिया जाएगा। उप जिलाधिकारी आगामी त्यौहारों के मद्देनजर आयोजित पीस कमेटी की बैठक में बोल रहे थे।


    आपको बता दें कि, कोतवाली परिसर में संपन्न बैठक में एसडीएम ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि, कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए लोगों को व्यवस्था चाक-चौबंद रखनी चाहिए। कहीं पर मूर्तियां स्थापित नहीं की जाएंगी और न ही कहीं पर नया कोई दुर्गा पूजा का पंडाल लगाया जाएगा। हर जगह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए निर्धारित संख्या से अधिक लोग इकट्ठा नहीं होने दिए जाएंगे।

    उन्होंने बैठक में मौजूद ग्राम प्रधानों क्षेत्र पंचायत सदस्य और सभासदों से अनुरोध किया कि, वह आमजन को जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि, रामलीला का मंचन दशहरे के पर्व पर नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि, अयोध्या में जो रामलीला का प्रदर्शन फिल्मी कलाकार द्वारा किया जा रहा है, जिसमें उस का सजीव प्रसारण टीवी पर किया जाएगा। जिसका दर्शक आनंद ले सकते हैं। 


    बैठक में उन्होंने चेहल्लुम के मौके पर भी सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है कि, सभी ग्राम प्रधानों द्वारा अपनी-अपनी ग्राम सभाओं में धान की फसल की कटाई के बाद पराली जलाने जैसी बातों का उल्लेख किया जाय, एसडीएम ने शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि, पराली जलाना सख्त मनाही है। इससे प्रदूषण फैलेगा। इसलिए पराली को किसी भी कीमत पर खेतों में नहीं जलाना है। बल्कि खेतों के एक किनारे पराली को एकत्र कर गड्ढे में डालकर खाद बनाना है। इस कार्य के लिए सरकार अनुदान भी दे रही है।

   साथ ही उन्होंने उन कंबाइंड मशीन मालिकों को भी आगाह किया कि, जिन मशीनों के साथ पराली को एकत्र करने का यंत्र नहीं है, वह मशीनें कटाई प्रयोग में ना लाई जाए, उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि, ऐसे कंबाइन मशीन मालिकों की बैठक बुलाकर उन्हें सचेत कर दिया जाए कि, बगैर पराली एकत्र करने वाले यंत्र के बिना मशीनें चलती मिली, तो उन्हें सीज कर दिया जाएगा।


    बैठक में कोतवाल श्री राम, निरीक्षक अपराध असलम खान, एसएसआई प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक जमुना प्रसाद त्रिपाठी के अलावा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डब्बू सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश साहू, ग्राम प्रधान गंगाराम, राम केतार ग्राम प्रतिनिधि बल्ला सहित सभासद नुरुल हसन, विजय कुमार ढोनी, रवि तोष त्रिपाठी, सतीश कुशमेश, रामकुमार यादव, श्याम लाल साहू, हाजी जियाउलहक, आसिफ कुरेशी, मोहम्मद इसरार हुसैन उर्फ कल्लू आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ