कोविड-19 प्रोटाकाॅल के अनुपालन में पखवाड़ा दो चरणों में होगा आयोजित-सीएमओ।। Raebareli news ।।
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: राष्ट्रीय स्वास्थय मिशन की मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने प्रदेश के सभी जनपदों सहित जनपद रायबरेली के मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 वीरेन्द्र सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं कि, विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 21 नवम्बर यानी आज से 4 दिसम्बर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़े का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। प्रजनन स्वास्थय के अंतर्गत वर्तमान स्थिति को देखते हुए पुरुष नसबंदी अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह एक मामूली शल्य प्रक्रिया है तथा महिला नसबंदी की तुलना में अधिक सरल और सुरक्षित है। इसके लिए न्यूनतम संसाधनों, बुनियादी ढाँचे और फॉलो अप की जरूरत होती है।
आपको बता दें कि, इस क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 वीरेन्द्र सिंह ने बताया है कि, पुरूष नसबंदी पखवाड़े का आयोजन कोविड-19 से बचाव के प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए किया जायेगा। इस पखवाड़े की थीम है परिवार नियोजन में पुरुषों की साझेदारी, जीवन में लाये स्वास्थ्य और खुशहाली। इस थीम का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 महामारी में भी जनसँख्या स्थिरीकरण के लिए पुरुषों को जागरूक करने के साथ-साथ परिवार नियोजन कार्यक्रम में उनकी सहभागिता से परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति प्रदान करना भी है। समस्त ब्लाकों सहित जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जायेगा। यह पखवाड़ा दो चरणों में मनाया जायेगा। 21 से 27 नवम्बर तक दम्पति संपर्क पखवाड़ा तथा 28 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक सेवा प्रदायगी पखवाड़ा चलाया जायेगा।
परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 ए0के0चैधरी ने कहा है कि आशा कार्यकर्ता अपने कार्यस्थल के हर लक्ष्य दम्पति के घर गृह भ्रमण के दौरान उन्हें परिवार नियोजन के लाभ बताते हुए कोई न कोई साधन लेने के लिए प्रेरित करेंगी। साथ ही पुरुषों को नसबंदी के लिए जागरूक करेंगी। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी0एस0अस्थाना ने बताया कि पुरुष नसबंदी पर विशेष जोर देते हुए हर ब्लाक में 3 पुरुष नसबंदी एवं परिवार नियोजन की सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। आशा, एएनएम और काउंसलर और जहां काउंसलर उपलब्ध नहीं हैं वहां स्टाफ नर्स द्वारा दम्पत्तियों की काउंसलिंग की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं पर उपलब्ध कंडोम बोक्सेस को प्रतिदिन रिफिल किया जायेगा। कार्यक्रम में प्रदेश तकनीकी सहयोग इकाई और पोपुलेशन इंटरनेशनल भी सहयोग करेंगी।

0 टिप्पणियाँ