रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: व्यापक प्रचार प्रसार और लाख मनाही के बावजूद पराली जलने की घटनाओं में कमी ना आने से प्रशासन की तयोरिया चढ़ गई है। इसी क्रम में प्रशासन ने पराली जलाने वालों को बाज आने की हिदायत देते हुए कहा है कि, आगे अगर किसी भी व्यक्ति ने पराली जलाई, तो ना सिर्फ उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा, बल्कि जेल भी भेजा जाएगा।
आपको बता दें कि, तहसील महराजगंज क्षेत्र में पराली जलाने की 11 घटनाएं प्रकाश में आई थी, जिनमें सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने ₹20, 000 अर्थदंड वसूल किया है। लेकिन इसके बावजूद घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी क्रम में तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने आगाह किया है कि, लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और खेतों में पराली जलाने से बाज आयें, नहीं तो आगे यदि कोई शिकायत मिली, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उसे जेल भेजने की कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन के सख्त तेवर के बाद खलबली मच गई है।


0 टिप्पणियाँ