रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: एक सप्ताह पूर्व विकासखंड क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल द्वारा विद्यालय के बच्चों को मिड डे मील के राशन में कीड़े परोसे जाने के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आनंद कुमार शर्मा ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल को निलंबित कर दिया है, तथा जांच टीम गठित कर दी गई है।
आपको बता दें कि, महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल द्वारा विगत 1 सप्ताह पूर्व बच्चों को वितरित किए गए मिड डे मील के राशन में कीड़े मिले थे, जिसका ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया था। पूरे मामले को समाचार पत्रों द्वारा प्रमुखता से उठाया गया था, तथा ग्रामीणों द्वारा उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा को दूरभाष पर जानकारी दी गई थी, मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर जांच कर रिपोर्ट देने की बात कही थी। वहीं उप जिला अधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी खाद्य विभाग के अधिकारी तथा नायब तहसीलदार ने दूसरे दिन जाकर गहनता से जांच पड़ताल भी की थी, तथा अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए थे। जिसकी रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी महराजगंज सुरेश कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आनंद कुमार शर्मा को सौंपी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है, और जांच टीम गठित कर दी गई है।
अक्सर विवादों में रहता है पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां: पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां में विगत 1 वर्ष पूर्व तैनात प्रधानाध्यापिका मंजू मिश्रा भी मिड डे मील जैसे गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित हुई थी। जिसको लेकर खंड शिक्षा अधिकारी की कार्यशैली पर तरह तरह के प्रश्न चिन्ह लगे थे। वहीं निलंबित शिक्षक छोटेलाल द्वारा एक ऑडियो में खंड शिक्षा अधिकारी महराजगंज को पैसा देने की भी बात कही जा रही है, जो ऑडियो विगत कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसे में भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे खंड शिक्षा अधिकारी महराजगंज की कार्यशैली भी संदेह के घेरे में है। उधर क्षेत्र के लोगों का कहना है कि, उच्चाधिकारियों को इनके खिलाफ भी जांच करवा कर दोषी पाए जाने पर कार्यवाही करनी चाहिए।आखिरकार असफल हुई दोनों शिक्षक संघ के नेताओं की पैरवी: पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमुरावां में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक की शिकायत पर की गई जांच रिपोर्ट बीएसए के पास पहुंचते ही शिक्षक संघ के उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक से लेकर जिले तक के नेताओं द्वारा भ्रष्टाचार में लिप्त इंचार्ज प्रधानाध्यापक छोटेलाल को बचाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन ईमानदार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आगे दोनों शिक्षक संघ नेताओं की एक भी नहीं चली, और अंततः इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया।

0 टिप्पणियाँ