पहले भी दहेज की मांग को लेकर मां और भाई के साथ मिलकर अक्सर पीटता रहता था पत्नी को।
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: अपनी शादीशुदा पत्नी से विवाह के बाद लगातार दहेज कम मिलने की बात को लेकर उत्पीड़ित करने और उसके बाद पहली पत्नी के रहते हुए गुपचुप तरीके से दूसरा विवाह भी रचा लेने के मामले में विरोध कर रही पहली पत्नी को घर से मारपीट, गाली गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देकर भगा देने के मामले में विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज लोभी पति, सास और जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महराजगंज पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बता दें कि, महराजगंज कोतवाली में दी गई तहरीर में गांव महराजपुर मजरे जनई की रहने वाली आशा देवी 25 पुत्री पुत्ती लाल ने बताया कि, उसका विवाह लगभग साढे 6 वर्ष पूर्व जनपद अमेठी के थाना मोहनगंज के गांव गोकुला मजरे विराज के रहने वाले राजकुमार के साथ हुआ था। शादी के समय उसके मायके वालों ने सावरस्त के मुताबिक दान दहेज दिया था। लेकिन शादी के बाद ससुराल जाते ही उसका पति राजकुमार और राजकुमार की मां धनराजा तथा भाई रामशरण दहेज में कम रकम मिलने की बात को लेकर आए दिन उलाहना देते थे, इसके साथ ही वे लोग लगातार और दहेज लाने के लिए दबाव बनाकर मारपीट किया करते थे।
लेकिन विवाहिता आशा देवी सब कुछ बर्दाश्त करती रही, इस दौरान आशा देवी को राजकुमार से 2 बच्चे भी हुए, जिनमें लड़के की उम्र 5 वर्ष तथा लड़की की उम्र 1 वर्ष है। दोनों उसके साथ ही रहते हैं।
इधर हाल ही में आशा देवी को पता चला कि, उसके पति राजकुमार ने दूसरी पत्नी भी रख ली है। जो पड़ोस के गांव निहाल का पुरवा मजरे विराज की रहने वाली है। इसके बाद जब उसने पति से पूछताछ की, तो पति राजकुमार ने अपनी मां धनराजा और भाई रामशरण के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई की, और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए घर से भगा दिया। अब वह मायके में पड़ी हुई है।
भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने तहरीर दर्ज करते हुए सुसंगत धाराओं में आशा देवी के पति, जेठ व सांस के विरुद्ध सुसंगत आपराधिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। विवेचना में पाए गए तथ्यों के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ