बल्ला गांव की प्रधानी के चुनाव में खरगोशों की दौड़ में शामिल हुआ सेनपुर का कछुआ।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: अमावा ब्लाक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बावन बुजुर्ग बल्ला की प्रधानी का चुनाव नामांकन से पहले ही रोचक मोड़ लेता नजर आ रहा है। जबकि एक निर्धन किंतु ईमानदार, साधन विहीन, किंतु मृदुभाषी, व्यक्तित्व का धनी एक प्रत्याशी पैदल जाकर अकेले ही द्वार द्वार मतदाताओं से आशीर्वाद लेना शुरू कर दिया है। इस व्यक्ति की सरलता और सच्चाई को देखकर लोग उसके कायल हो रहे हैं, और भारी जनसमर्थन इस प्रत्याशी को मिल रहा है। जिससे बड़े-बड़े नाम और तामझाम वाले प्रत्याशियों को झटका लगना शुरू हो गया है।

     आपको बता दें कि, यह प्रत्याशी कोई और नहीं बल्कि सेनपुर गांव का रहने वाला नवयुवक मनोज कुमार नाई है। जिसके चर्चे पान की दुकानों से लेकर प्रतिष्ठानों तक तथा खेत खलिहानों से लेकर व्यापारियों की दुकानों तक ही नहीं, बल्कि ग्रहणियों से लेकर घर की रसोई तक चर्चा आम हो गई है। जहां इस बड़ी ग्राम पंचायत में बड़ी-बड़ी बातें और लच्छेदार भाषा का प्रयोग करके धनकुबेर जनता को बड़े-बड़े सपने और बड़े बड़े वादे करके भ्रमित करना चाहते हैं, वहीं मनोज कुमार नाई जनता जनार्दन को अपना मालिक बता कर लोगों के हृदय में अपना मुकाम बना रहा है। चर्चा तो यह भी है कि, इस बार बावन बुजुर्ग बल्ला की ग्राम प्रधानी का चुनाव कछुआ और खरगोश की दौड़ जैसा होगा। वहीं मनोज कुमार नाई अपने आप को कछुआ मानकर चल रहा है।

    इसी क्रम में पत्रकारों से बातचीत में मनोज कुमार ने बताया कि, सबसे पहले उसने अपने मां बाप से आशीर्वाद और अनुमति ली, इसके उपरांत अपने गांव सेनपुर में घर घर जाकर लोगों का आशीर्वाद ग्रहण किया।उसके उपरांत मनोज कुमार ने बबुरिहा धाम जाकर प्रख्यात संत ब्रह्मलीन स्वामी हरिदास जी महाराज की तपोस्थली पर शीश झुका कर नमन किया। इसके उपरांत उसने अलारगंज बबुरिहा जैसे गांवों में घर घर जाकर अपने से अधिक आयु के लोगों को चरण स्पर्श कर आशीर्वाद ले लिया है। मनोज कुमार का कहना है कि, वह गरीब है, गरीबों के लिए काम करेंगे, समाज में व्याप्त अन्याय, आतंक, अत्याचार, भ्रष्टाचार तथा कुरीतियों को जड़ से खत्म करेंगे, और हर गरीब को उसकी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए जीजान से काम करेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि, उनके पास ना साधन है, ना ही धन है। वह पैदल ही पूरी ग्राम पंचायत के गांव-गांव घर-घर का भ्रमण करेंगे, अगर जनता का आशीर्वाद मिला, तो सच्चे हृदय से जनता को अपना भगवान मानकर 5 साल तक उसकी सेवा करते रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ