तालाब से मिट्टी निकालने से मना करने पर दबंगों ने एक व्यक्ति को पीटा मुकदमा दर्ज।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव इशापुर मजरे रुकनपुर में तालाब से जबरन मिट्टी निकाल रहे दबंगों को जब गांव के ही एक किसान ने मना किया, तो उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने तहरीर मिलने पर 5 लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पीड़ित को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

    आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी इंद्रपाल पुत्र मंगली ने आरोप लगाया है कि, गांव में सार्वजनिक तालाब है। जिसमें जानवरों को लोग पानी पिलाते हैं। इसके अलावा अग्निकांड जैसी घटनाओं में तालाब के पानी का प्रयोग किया जाता है। किंतु उन्हीं के गांव के राम मूरत पुत्र रामफेर व राममूरत की पत्नी के अलावा संदीप, कुलदीप पुत्रगण सोमनाथ तथा बलराम पुत्र रामफेर तालाब से पानी निकाल कर जबरन मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इस पर भुक्तभोगी इंद्रपाल ने अभियुक्तों से मिट्टी ना निकालने की हिदायत दी। इस पर सभी अभियुक्तों ने मिलजुल कर लाठी-डंडों से इंद्रपाल की पिटाई कर दी। इंद्रपाल के चिल्लाने पर गांव वाले दौड़े, तब जाकर हमलावर गाली गलौज करते हुए भाग निकले।

    उधर परिजन इंद्रपाल को घायलावस्था में महराजगंज लाए, यहां पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके इंद्रपाल को इलाज के लिए सीएचसी भेजा है। मामले में कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, शिकायत के आधार पर सुसंगत आपराधिक धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। अग्रिम मेडिकल रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ