रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के सेनपुर गांव में बीते 1 मार्च की शाम दूध देकर साइकिल से घर वापस आ रही एक 17 वर्ष की लड़की के साथ गांव के ही 3 दबंगों ने उसे जबरन रोक लिया। दबंग युवकों में से एक ने उसे सरसों के खेत में ले जाकर जबरन मुंह काला किया। लोक लाज के भय से लड़की द्वारा घटना की जानकारी मां को दिए जाने के बावजूद मां ने मुंह बंद रखा। लेकिन लगभग 20 दिन बाद जबरन दुष्कर्म करने वाले युवक ने लड़की को रास्ते में रोक, लड़की को डरा धमका कर साथ भाग चलने को कहा। डरी सहमी लड़की ने किसी तरह घर पहुंच कर यह बात मां को बताई, तो परिवार सकते में आ गया। पीड़िता के पिता ने पीड़िता और उसकी मां के साथ महराजगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दे दिया है। मामले में महिला पुलिस ने पीड़िता का अकेले में बयान भी ले लिया है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।
आपको बता दें कि, एक ओर जहां प्रदेश की योगी सरकार नारी सुरक्षा और सम्मान को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है। लेकिन हकीकत में जमीन पर मामला कुछ और ही है। इसका नजारा महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सेनपुर गांव में हुई इस जघन्य घटना के खुलकर सामने आने पर जग जाहिर हो गई है।
गांव के रहने वाले एक किसान की 17 वर्षीय पुत्री अपने गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सेन पुर गांव दूध देने गई थी। पीड़िता के मुताबिक घटना 1 मार्च 2021 की शाम 6:00 बजे की है। वापस लौटते वक्त पीड़िता की साइकिल पंचर हो गई थी। वह पैदल साइकिल लेकर घर लौट रही थी, तभी उसे रास्ते में पड़ने वाले स्कूल के पास सेन पुर गांव के 3 दबंग युवक खड़े मिले। जिन्होंने पीड़िता को रोक लिया। दबंगों में एक युवक ने उसका मुंह हाथ से दबा कर पड़ोस के सरसों के खेत में ले जाकर गिरा दिया, और डरा धमका कर उसके साथ दुराचार किया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि, दुराचार करने वाले युवक ने धमकी दी है कि, घर जाकर उसने किसी से यह बताया, तो वह गोली मार देगा। पीड़िता का कहना है कि, असहनीय पीड़ा के बाद उसने अपनी मां को आपबीती बताई, लेकिन पीड़िता की मां ने लोक लाज के भय से घटना अपने पति को भी नहीं बताई।
उधर घटना के दब जाने के बाद बलात्कार करने वाले दबंग युवक का हौसला इस कदर बढ़ गया कि, उसने बीते 20 मार्च 2021 को अकेले पाकर पीड़िता को अपने साथ जबरन भगा ले जाने की धमकी देते हुए साथ चलने को कहा। लेकिन पीड़िता उस को चकमा देकर अपने घर पहुंची और मां को फिर से ताजी घटना के बारे में बताया। उस पर मां ने पति के घर आने पर पूरा किस्सा बता दिया, और पति पीड़िता और उसकी मां को लेकर महराजगंज कोतवाली पहुंचा। जहां महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचने पर महिला पुलिस ने पीड़िता के बयान अंकित किए हैं। पीड़िता का परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस ने कोई तहरीर दर्ज नहीं की है। अब देखना है कि, पुलिस मामले में त्वरित कार्यवाही करती है, अथवा मामले में लीप पोत कर खत्म कर देती है। इस संवाददाता ने जब कोतवाल शरद कुमार से मामले में थाने के सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो संपर्क नहीं हो सका।

0 टिप्पणियाँ