अज्ञात कारणों से फसलों में लगी आग ने भयंकर रूप धारण कर 10 लोगों के आशियाने जलाए, एक की मौत।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के भैय्या पुर मजरे हिलहा में दोपहर लगभग 2:00 बजे अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसलों में आग लग गई। आग लगने के बाद नियंत्रण से बाहर हो गई। खेतों में लगी आग की चपेट में दूसरे गांव के 10 मकान भी पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियों में मौके पर उमड़े सैकड़ों लोगों की मदद से आग को और आगे बढ़ने से रोक लिया। इसी आपाधापी में आग बुझाने की कोशिश में लगे एक 30 वर्षीय युवक की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। पूरे गांव में हाहाकार मच गया है। सूचना मिलते ही एसडीएम सविता यादव और महराजगंज कोतवाल शरद कुमार भी अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए, और गांव में राहत व बचाव का कार्य जारी है।


   आपको बता दें कि, घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि, दोपहर बाद भैय्या पुर मजरे हिलहा गांव के पास पूरब दिशा से किसी खेत में आग लग गई। हवा के प्रचंड झोंकों से आग पूरब से शेरऊ का पुरवा गांव की ओर बढ़ने लगी। रास्ते में लगभग 35 बीघे गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इसी दौरान ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों को लाकर खड़ी फसलों वाले खेतों में फसलों को जोतकर आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, तभी एक ट्रैक्टर पर बैठा 30 वर्षीय युवक मामू पुत्र गंगाराम पासी निवासी ग्राम हिलहा धुएं के गुबार से ट्रैक्टर के नीचे आ गिरा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद डायल 112 पुलिस वैन की मदद से उसे सीएचसी महराजगंज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

     वहीं दूसरी ओर अग्नि कांड तांडव गेहूं की खड़ी फसलों से होकर शेरऊ का पुरवा मजरे कोटवा मोहम्मदाबाद गांव में घुस गया। जिसके चलते गांव के रहने वाले जगदेव यादव, रामशरन यादव, नेवल, सुखाई, राम आसरे, राम सजीवन, सुनील, शमशेर, गुरुप्रसाद, वसंतलाल, राम बहादुर समेत दुख्खी के मकान और उसमें रखी घर गृहस्ती अनाज, बर्तन सब जलकर खाक हो गए।


    मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग को आगे बढ़ने से काबू पा लिया। लेकिन तब तक ग्रामीणों के मकान और लगभग 35 बीघे गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही, एसडीएम सविता यादव, नायब तहसीलदार अभिजीत गौरव, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, हल्का लेखपाल अमरजीत के अलावा कोतवाल शरद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराना शुरू कर दिया है।

    राजस्व निरीक्षक श्रीकांत पांडेय ने बताया कि, इस भीषण अग्निकांड की वजह का पता नहीं चल पाया है। एसडीएम के निर्देश पर नुकसान का आकलन राजस्व विभाग द्वारा किया जा रहा है। पीड़ित परिवारों के भोजन आदि की व्यवस्था के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग से प्रबंध किया जा रहा है। क्षति आकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित कर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ