रायबरेली पुलिस ने कई लूट की घटना का किया खुलासा, लूटे गए ₹250000 किए बरामद, सलाखों में पहुंचे लूटेरे।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: पुलिस ने विगत सोमवार को पेट्रोल पंप के सेल्समैन द्वारा बैंक में पैसा जमा करने जाते समय बाइक सवार बदमाशों द्वारा की गई ढाई लाख रुपए की लूट के मामले में खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटी गई पूरी रकम ढाई लाख रुपए, एक 315 बोर का देसी तमंचा जिंदा कारतूस के साथ तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस का दावा है कि, इन्हीं दोनों बदमाशों ने विगत 24 तारीख को बछरावां रोड स्थित व्यवसाई नीरज गुप्ता के यहां से भी धोखाधड़ी करके 55 सौ रुपए नगद और 2 अदद मोबाइल उठा ले गए थे। जबकि डलमऊ क्षेत्र में हुई लूट की बात भी इन्हीं दोनों बदमाशों ने पारित किए जाने की बात कबूली है। मामले में पुलिस का कहना है कि, एक तीसरा अभियुक्त भी शामिल है। जिसकी तलाश की जा रही है।

   आपको बता दें कि, सोमवार की दोपहर कुसुढ़ी सागरपुर स्थित मां वैष्णो फिलिंग स्टेशन के कैशियर कुबना गांव निवासी दिनेश कुमार सिंह अपने चचेरे भाई गुड्डू सिंह के साथ बैग में ढाई लाख रुपए नगद रखकर पहले हलोर बैंक गए, लेकिन वहां मैनेजर के कोरोना संक्रमित होने पर बैंक का कामकाज ठप था, तो दोनों ने अपनी मोटरसाइकिल महराजगंज के यूको बैंक में पंप के खाते में जमा करने के लिए मोड़ दिया। बताते हैं कि, दोनों बदमाश उन पर निगाह रखे हुए थे, और उन्होंने पीछा करके तमंचे के बल पर दिनेश सिंह की मोटरसाइकिल रोक ली, तथा मारपीट कर बैग में रखे ढाई लाख रुपए लूट कर फरार हो गए।

   इधर दिनेश सिंह ने शोर मचाना शुरू किया, तो लुटेरे 2 किलोमीटर आगे बाइक छोड़कर पैदल भाग निकले थे। बाद में ग्रामीणों ने दौड़ाकर एक बदमाश को नारायनपुर गांव में और दूसरे को मोन में घेर लिया था, तथा सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

    दोनों लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से ढाई लाख रुपए की नगदी बरामद कर ली थी। मामले की पड़ताल क्षेत्राधिकारी महराजगंज राम किशोर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अलावा एसपी श्लोक कुमार ने स्वयं मौके पर जाकर की थी। हालांकि सोमवार को यह चर्चा थी कि, लूट की गई रकम 8 लाख 20 हजार रुपए है, लेकिन पुलिस का कहना है कि, जो उन्हें तहरीर दी गई। उसमें मात्र ढाई लाख का उल्लेख था। बाद में कैसियर दिनेश सिंह ने यह बताया कि, शेष ₹570000 पेट्रोल पंप पर ही छूट गए थे। जिन्हें वह दोबारा जमा करने जाते।

   अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि, एक अभियुक्त अखिलेश कुमार यादव पुत्र रामकुमार यादव निवासी लाल का पुरवा मजरे गढ़वा थाना डीह जनपद रायबरेली तथा दूसरा मोहम्मद शकील पुत्र मोहम्मद सगीर निवासी महानंदपुर थाना नगर कोतवाली रायबरेली है। अभियुक्तों ने बताया कि, उनके साथ एक व्यक्ति और शामिल है, अभियुक्तों के कब्जे से ढाई लाख रुपए नगद के अलावा 315 बोर का देशी तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई है।

    कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि, अभियुक्तों ने पूछताछ में विगत 24 तारीख को महराजगंज के बछरावां रोड स्थित व्यवसाई नीरज गुप्ता के यहां पाइप खरीदने के बहाने 55 सौ रुपए और दो मोबाइल सेट धोखा देकर उड़ा ले जाने का अपराध भी स्वीकार किया है। कोतवाल के मुताबिक अभियुक्तों ने डलमऊ क्षेत्र में हुई एक लूट के मामले में संलिप्त होने की बात स्वीकारी है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। तीसरे व्यक्त की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ