पहले भी कानून को अपने हाथ में लेकर एक महिला का काटा था कान।
दबंगों ने फरमान जारी कर अन्य प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार करने से रोका। शिकायत मिलने पर एसडीएम और सीओ भारी मात्रा में पुलिस बल लेकर 4 गांव में किया फ्लैग मार्च।
रजनीकांत अवस्थीमहराजगंज/रायबरेली: पंचायती चुनाव को लेकर प्रशासन की चौकसी उस समय देखने को मिली, जबकि ब्लॉक क्षेत्र के चिलौली और बलाई मऊ में एक दबंग प्रत्याशी द्वारा अन्य प्रत्याशियों को ग्राम प्रधान पद के चुनाव प्रचार को जबरन रोकने की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मिली। आनन फानन एक्शन लेते हुए डीएम और एसपी ने एसडीएम महराजगंज सविता यादव व क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह, थानाध्यक्ष बछरावां राकेश सिंह चौकी इंचार्ज थुलेंडी अनिल सिंह भारी पुलिस बल लेकर गांव पहुंचे, और 4 गांवों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों का आवाहन किया कि, वह लोग निर्भयता से मतदान करें। चुनाव प्रचार में यदि किसी भी प्रत्याशी को किसी दबंग व्यक्ति ने रोकने की कोशिश की, तो कड़ी वैधानिक कार्यवाही करके उसे सबक सिखाया जाएगा। अधिकारियों ने प्रत्याशियों से कहा कि, लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत, जो भी प्रचार कार्य करना है, उसके लिए शांतिपूर्ण ढंग से आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए लोग चुनाव प्रचार करें। किसी ने कानून को हाथ में लेने की कोशिश की तो उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा।
आपको बता दें कि, कई दिनों से शिकायत आ रही थी कि, कोतवाली बछरावां के चौकी थुलेंडी क्षेत्र में पड़ने वाले सुल्तानपुर ग्राम प्रधान पद के चुनाव में कुछ सरहंग और अराजक तत्व चिलौली और बलई मऊ गांव में अन्य प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार के लिए घुसने नहीं दे रहे हैं। प्रत्याशियों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार को दी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्यवाही करते हुए एसडीएम और क्षेत्राधिकारी को भारी पुलिस बल लेकर गांव पहुंचकर शिकायत की जांच करने को कहा। इसी क्रम में एसडीएम महराजगंज और क्षेत्राधिकारी महराजगंज ने थानाध्यक्ष बछरावां राकेश सिंह को साथ ले जाकर ग्राम पंचायत की सुल्तानपुर, हाजीपुर, चिलौली और बलाई मऊ गांव का दौरा किया। भारी तादात में सुरक्षा बलों के साथ अधिकारियों ने चारों गांव में फ्लैग मार्च किया।
लोगों को जगह जगह बातचीत में एसडीएम और सीओ ने कहा कि, कोई भी उन्हें अगर डराते धमकाते है, या चुनाव प्रचार नहीं करने देता है, तो इसकी सूचना प्रशासन को दी जाए। जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर ऐसे दबंगों को हवालात में भेजा जाएगा। प्रशासन की इस मुस्तैदी से दबंगों में खौफ फैल गया है।

0 टिप्पणियाँ