महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में पुरानी रंजिश को लेकर बाग गए हुए एक युवक को दबंगों ने घेरकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। युवक के चिल्लाने पर गांव वाले दौड़े, तो हमलावर उसे छोड़कर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन सीएचसी लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया है।
आपको बता दें कि, घटना शुक्रवार की सुबह 9:00 बजे की है। पुलिस को दी गई तहरीर में अवधेश पुत्र नरेंद्र बहादुर सिंह निवासी पहाड़पुर ने बताया कि, उनकी और गांव के दिवाकर यादव आदि से पुरानी रंजिश चल रही है। घटना के समय उनका लड़का मोहित अपनी बाग गया हुआ था। प्रतिपक्षीगणों जिनमें दिवाकर पुत्र सिद्ध लाल व दो अज्ञात लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे, और उनके पुत्र को घेर लिया तथा गालियां देते हुए मारना पीटना शुरू कर दिया, जान बचाने के लिए मोहित चिल्लाया तभी आसपास के लोग दौड़े। हमलावर ग्रामीणों को आता देख, मौके से भाग गए। तत्काल मोहित को सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर चोटें देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। कोतवाल रेखा सिंह ने बताया कि, अवधेश सिंह से मिली तहरीर के आधार पर दिवाकर यादव व दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ