◆शिक्षकों के देयक भुगतान न होने पर 31 मई से बीएसए कार्यालय पर होगा धरना-राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ।
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: कोरोना महामारी की इस भीषण त्रासदी में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निरंतर समीक्षा कर प्रदेश वासियों की स्वास्थ्य, सुरक्षा चिकित्सा व भोजन की व्यवस्था के संबंध में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी संबंध में बेसिक शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश सतीश द्विवेदी द्वारा विभागीय समीक्षा कर प्रदेश के समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों एवं वित्त लेखा अधिकारियों को अंतर्जनपदीय, नवनियुक्त शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को समय से वेतन दिलाने हेतु विभागीय आदेश दिये हैं। विभागीय निर्देशों के उपरांत भी वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा रायबरेली की तानाशाही व मनमानी पूर्ण कार्यशैली के कारण लगभग 4 माह पश्चात भी अंतर्जनपदीय स्थानांतरण में आए शिक्षक/ शिक्षिकाओं का वेतन भुगतान नहीं हो पाया है। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों व 69000 शिक्षक भर्ती में नवनियुक्त शिक्षकों का माह अप्रैल 2021का पूरक बिल लेखा कार्यालय रायबरेली में जमा है, उनका भुगतान मनमाने पूर्ण ढंग से 441 अन्तर्जनपदीय शिक्षकों में से 60-70 का करके इतिश्री कर लिया, शेष 370-375 शिक्षक/शिक्षिकाओं का वेतन भुगतान नहीं किया गया है।
आपको बता दें कि, उक्त देयकों के भुगतान हेतु जिला अध्यक्ष शिव शंकर सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ रायबरेली के एक प्रतिनिधि मंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा रायबरेली की हठधर्मिता, मनमानी पूर्ण कार्यशैली तथा उनके कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ज्ञापन आदरणीय जिला अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा रायबरेली को सौंपकर मांग की है कि, 31 मार्च 2021 को सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों के भविष्य निधि का भुगतान एवं पेंशन पत्रावली पेंशन निदेशालय भेजी जाएं तथा अंतर्जनपदीय स्थानांतरण में आए शिक्षकों तथा 69000 शिक्षक भर्ती में नवनियुक्त जिन शिक्षकों अप्रैल 2021 माह का पूरक बिल लेखा कार्यालय में जमा है, उनके पूरकवेतन का भुगतान अविलंब किया जाए।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने घोषणा की है कि, यदि 29 मई 2021 तक शिक्षकों के वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संगठन कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए दिनांक 31 मई 2021 से कार्यालय वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा रायबरेली के समक्ष धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा। जिसका समस्त उत्तरदायित्व वित्त एवं लेखाधिकारी रायबरेली, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला प्रशासन रायबरेली का होगा।
इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह कार्यकारी अध्यक्ष, संजय कनौजिया जिला महामंत्री, मधुकर सिंह सह-संगठन मंत्री, योगेन्द्र यादव, आशीष प्रताप सिंह, सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव एंव आलोक सिंह मीडिया प्रभारी महराजगंज उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ