रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: एक कलयुगी पुत्र ने अपनी 70 वर्षीया मां को शराब के नशे में धुत होकर न केवल भद्दी भद्दी गालियां दी, बल्कि चारपाई से उठाकर पटक दिया, और लात घूंसा से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे मां गंभीर रूप से घायल हो गई। शोरगुल सुनकर पास पड़ोस के लोग दौड़े और कलयुगी पुत्र को अलग करते हुए काफी धिक्कारा तब जाकर मां की जान बची। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
आपको बता दें कि, घटना पूरे अहलादी मजरे मऊ की है। पीड़िता रामरती पत्नी नत्थू पासी ने रो-रो कर आप बीती बताते हुए कहा कि, उसका लड़का रामप्रकाश पासी 45 वर्ष शराब के नशे का आदी है, और बाहर से कमा कर आया है। शराब के नशे में धुत लगभग 5:00 बजे शाम रामप्रकाश ने और दारु पीने के लिए मां से पैसे की मांग की। मां द्वारा मना करने पर और यह समझाने बुझाने पर कि, बेटा ज्यादा पीना ठीक नहीं है। रामप्रकाश ने उसको गाली गलौज देना शुरू कर दिया।
जब मां ने विरोध किया तो उसने गला दबाकर मारने की कोशिश की, और पेट में लात घूंसा और मूंको से कई प्रहार किए। यही नहीं उसने मां को चारपाई से उठा दूर फेंक भी दिया। मां के चिल्लाने पर पास पड़ोस के लोग दौड़े। तब जाकर रामरती की जान बची। पूरे गांव में शराबी पुत्र द्वारा मां के साथ इस दुर्व्यवहार को लेकर इसकी निंदा हो रही है।
मामले की सूचना हल्का दरोगा रामबदन को दी गई है। दरोगा ने बताया कि, यदि तहरीर मिली, तो इस कलयुगी पुत्र के खिलाफ कड़ी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ