●रायबरेली के कोविड हॉस्पिटल में युवती से दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस हिरासत में आरोपी।प्रतीकात्मक फोटो
शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली: कोविड-19 अस्पताल लालगंज में आज एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरी मानवता को शर्मसार करके रख दिया। घटना के बारे में जो जानकारी आई है कि, एक कामांध पैरामेडिकल स्टाफ के एक कर्मी ने कोविड अस्पताल पर तैनात अपनी एक महिला सहकर्मी को धोखे से कमरे में बुलाकर हवस का शिकार बनाना चाहा, लेकिन युवती की चतुराई से न केवल उसकी आबरू बचाई, बल्कि आरोपी सलाखों के पीछे चला गया। यह हैरतअंगेज घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
आपको बता दें कि, यूपी के रायबरेली में कोविड हॉस्पिटल में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूम में तैनात युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। आरोप है कि, अस्पताल प्रबंधन ने पहले तो मामले को छिपाने की पूरी कोशिश की। लेकिन जब पीड़िता के परिवारजनों ने रोष व्यक्त किया, तो पुलिस व तहसील प्रशासन समेत मुख्य चिकित्सा अधिकारी तक अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद आरोपी को पुलिस थाने लाई है, हालांकि अभी तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की जा सकी है। इस घटना के सामने आने के बाद से अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन भी डरे हुए हैं।
विदित हो कि, लालगंज स्थित कोविड L-2 सेंटर का है। मिली जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय की रहने वाली युवती आउटसोर्सिंग पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में एलटू हास्पिटल में कार्यरत है। बीती रात वह काम कर रही थी, तभी ऑक्सीजन टेक्नीशियन के रूप में आउटसोर्सिंग पर ही तैनात जेपी पांडेय उसके कमरे में दाखिल हुआ। उससे उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बारे में पूछा। जब युवती ने कहा कि, उसने अभी अटेंडेंस रजिस्टर पर साइन नहीं किए हैं, तो आरोपी ने उसे उपस्थित रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के लिए फार्मेसी डिपार्टमेंट के कमरे में बुलाया। वहां से युवती को अपने कमरे से चादर तकिया लाने के लिए भेज दिया। आरोप है कि, जैसे ही युवती जेपी पांडेय के कमरे में चादर लेने गई, वह भी पीछे से वहां पहुंच गया, और कमरा बंद कर दुष्कर्म का प्रयास किया।
जानकारी मिलने के बाद उप जिलाधिकारी विनय मिश्र और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ वीरेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस पूरे मामले में हॉस्पिटल के इंचार्ज प्रभारी डॉक्टर बीआर यादव का कहना है कि, आरोपी जय प्रकाश पांडेय घटना के समय नशे में धुत था। उसने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया है, आरोपी पुलिस की हिरासत में है। वहीं कोतवाल ने बताया कि, मामले की जांच की जा रही है, तहरीर मिलते ही रिपार्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर इस घटना के बाद से पीड़िता के परिजन बेहद गुस्से में हैं। उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ