शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोविड-19 टीकाकरण अभियान से जुड़े हुए लोगों को आज डोमा पुर गांव में घोर निराशा का सामना करके खाली हाथ लौटना पड़ा। जबकि टीकाकरण के लिए पूरा साजो सामान लेकर गांव में स्वास्थ्य कर्मियों के दल ने 3 घंटे तक प्राइमरी स्कूल में बैठकर टीकाकरण कराने वालों का इंतजार किया। लेकिन वाह री पब्लिक! एक भी व्यक्ति टीका लगवाने आगे नहीं आया। हालांकि टीकाकरण कराने गए टीम के इंचार्ज ने ग्राम सभा की मौजूदा प्रधान, कोटेदार और क्षेत्रीय लेखपाल को भी अपनी समस्या बताइ।
आपको बता दें कि, बकौल बीसीपीएम शिवाकांत तिवारी इन लोगों ने भी काफी मशक्कत की, लेकिन कोई टस से मस नहीं हुआ और घंटों के इंतजार के बाद आखिरकार स्वास्थ्य कर्मी वापस लौट आए। इसके अलावा पड़ोस के जनई गांव में 50 लोगों का टीकाकरण किया गया। उधर सीएचसी महराजगंज में भी 45 वर्ष से अधिक उम्र के 16 लोगों का टीकाकरण हुआ। जबकि दूसरी ओर 18 वर्ष से अधिक आयु के वर्ग में 38 लोगों का टीकाकरण किया गया। वही कोरोना परीक्षण के अभियान में 102 लोगों का एंटीजन टेस्ट किट से तथा 72 लोगों का rt-pcr से नमूना लिया गया। सुकून की बात यह रही कि, एक भी व्यक्ति की आज भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई।

0 टिप्पणियाँ