शिवाकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: कहावत है कि, अपराध रोकने वाले जहां तक सोचते हैं, अपराधियों का दिमाग उससे आगे चलता है। इसका उदाहरण विगत 2 दिनों के दौरान बछरावां स्थित पंजाब नेशनल बैंक में देखा गया। जहां इफको केंद्र में कार्यरत एक कर्मचारी के खाते से जालसाजो द्वारा ₹29000 उड़ा दिए गए। मजे की बात यह है कि, इसमें ₹9000 शाखा प्रबंधक द्वारा खाता ब्लॉक कर दिए जाने के बाद भी गायब कर दिए गए।
आपको बता दें कि, भुक्तभोगी दिलीप कुमार मिश्रा पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ मिश्रा निवासी बछरावां ने बताया कि, उनका एक खाता बछरावां की पंजाब नेशनल बैंक में खुला हुआ है। जिसका नंबर 6843 000 1000 12252 है, उन्होंने बताया कि, विगत 2 तारीख को वह एक आवश्यक मीटिंग में भाग लेने के लिए रायबरेली गए हुए थे। प्रातः 10:36 पर उनके मोबाइल में मैसेज आया कि, उनके खाते से ₹10000 निकाल लिए गए हैं, दूसरे दिन 3 तारीख को वह भागकर बैंक पहुंचे और उन्होंने शाखा प्रबंधक को पूरी स्थिति से अवगत कराया। वह शाखा प्रबंधक से बात कर ही रहे थे, तभी 10:25 पर पुनः ₹10000 निकासी का मैसेज उनके मोबाइल पर आ गया। यह देखकर शाखा प्रबंधक भी हतप्रब के रह गए, उन्होंने आनन-फानन खाते को ब्लॉक कर दिया, उसका मैसेज भी उनके मोबाइल पर आ गया, परंतु सबसे बड़ी विडंबना यह रही कि, खाता ब्लॉक होने के बाद भी साइबर चोरों द्वारा 4 तारीख को फिर एक बार 6000 और दोबारा 3000 रुपए निकालकर उनके खाते को निल कर दिया गया। उनके खाते में अब मात्र ₹700 शेष रह गए हैं।
इस संदर्भ में शाखा प्रबंधक ने बताया कि, यह पैसा जहां से भी निकाला जा रहा है, अंगूठा लगाकर पैसा निकल रहा है, जबकि भुक्तभोगी का कहना है कि, उन्होंने कभी भी अंगूठा लगाकर कोई भी निकासी नहीं की। अब सवाल यह उठता है कि, यह अंगूठे का निशान आधार के अलावा और कहीं भी प्राप्त नहीं हो सकता है, तो क्या इससे यह माना जाए कि, यह साइबर अपराधी आधार का सहारा लेकर पैसा निकाल रहा है। भुक्तभोगी द्वारा फिलहाल बछरावां थाने में प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की गई है। मामले में बछरावां पुलिस का कहना है कि, शीघ्र ही इस साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ