देवता पूजन में हुए विवाद के बाद ससुराल से बिना दुल्हन के ही लौटे दूल्हा संग बाराती।। Raebareli news ।।

शिवाकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के गांव अहलवार में बीती रात आई एक बारात में जमकर हंगामा बरपा। बताते हैं कि, देवता पूजन के मामले में शुरू हुए विवाद ने मारपीट और हंगामे का रूप अख्तियार कर लिया। आरोप है कि, दूल्हे समेत दूल्हे के पिता और भाई, रिश्तेदारी तथा  बारातियों की कन्या पक्ष के समर्थकों ने जमकर धुनाई की। मामला इतना आगे बढ़ा कि, दूल्हा उसके पिता और सभी बराती बगैर खाना पीना खाए जान बचाकर भाग आए। वर पक्ष के लोगों का कहना है कि, दुल्हन पक्ष के लोगों ने उनके जेवरात और नगदी भी छीन लिए। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मामले की सूचना वर पक्ष की ओर से कोतवाली में दी गई है।

    आपको बता दें कि, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अकोहारी मजरे  ओसाह के रहने वाले रामपाल पासी अपने लड़के श्यामू की बारात लेकर महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अहलवार गए थे। बारातियों का पहले तो स्वागत सत्कार और जलपान आदि बड़े कायदे से किया गया। द्वार पूजा के दौरान देवता पूजने के मामले को लेकर नोकझोंक शुरू हुई। इसके बाद कन्या पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में लड़के के पिता रामपाल, दूल्हा श्यामू, दूल्हे के भाई सोनू, पियारे सहित आधा दर्जन से ज्यादा बाराती घायल हो गए और भगदड़ मच गई। रात के अंधेरे में जिधर रास्ता मिला बाराती सिर पर पांव रख कर भाग खड़े हुए। लड़की पक्ष के समर्थकों ने बुरी तरह से पीटा। दूल्हा श्यामू भी पिता और भाई के साथ बगैर सात फेरे लिए भागकर जान बचाई, और महराजगंज कस्बे आए जहां रामपाल ने कोतवाली में जाकर कन्या पक्ष के लोगों के विरुद्ध मारपीट करने व सात अदत डाल में दिए जाने वाले जेवरात व कुछ नगदी भी छीन लेने का आरोप लगाया है। देर रात होने की वजह से कोई कार्यवाही नहीं हो पाई।

    उधर  रामपाल का यह भी कहना है कि, बुधवार को दिन में लगभग 10:00 बजे कन्या पक्ष की ओर से कुछ लोग कस्बे पहुंचे और मान मनव्वल करके दूल्हे और कुछ लोगों को वापस ले जाकर शादी कराने का वादा भी किया। लेकिन रास्ते में ही फिर विवाद करने लगे। जिससे दूल्हा और उसके परिजन गांव न जाकर बगैर दुल्हन विदा कराए वापस लौट आए। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ