महराजगंज/रायबरेली: थाना क्षेत्र के गांव कुटी मजरे मर्दापुर में पानी लगाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठियां चली। जिसमें 3 लोग बुरी तरह घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर 8 लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।
आपको बता दें कि, विवरण के मुताबिक गांव निवासी राम खिलावन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि, वह खेतों में पानी लगाए था, तभी दूसरे पक्ष के बैजनाथ अपने तीन लड़कों सुनील अनिल और दिलीप के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर आया और पानी लगाने से मना किया। विरोध करने पर तीनों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है।
वहीं दूसरी ओर से दी गई तहरीर में सुनील पुत्र बैजनाथ ने तहरीर देकर रामखेलावन एवं प्रांजुल, गोलू और रिंकू के विरुद्ध पानी ले जाने के विवाद को लेकर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि, विवाद में बैजनाथ और दिलीप को गहरी चोटें आई हैं, पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक दूसरे के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है। कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, मामले की विवेचना की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ