बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, लाशें सड़कों पर बिखर गईं। इस हादसे में 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है, जबकि दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि, हादसा बाराबंकी के रामसनेही घाट के पास अयोध्या-लखनऊ हाइवे पर आधी रात को हुआ है। बताया जा रहा है कि, बस हरियाणा के पलवल से बिहार जा रही थी। बस में मजदूर सवार थे, जो बिहार लौट रहे थे। बस में लगभग 140 यात्री सवार थे, जिनमें से 18 की मौके पर ही मौत हो गई। घायल ने बताया कि, वो सभी पंजाब और हरियाणा में मजदूरी करते थे, और अपने घर बिहार लौट रहे थे। उधर बाराबंकी के एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि, बस का एक्सल टूटने की वजह से यह थाना रामसनेहीघाट के ढाबे के पास खड़ी हुई थी, तभी रात में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई है। दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी का बाराबंकी और लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। ये सभी हरियाणा से बिहार जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मारे गए मजदूर बिहार के सीतामढ़ी, दरभंगा और बाकी जगहों से थे। ड्राइवर ने मजदूरों को बताया कि, बस सही होने में देर लगेगी। सभी को नींद आ रही थी इसलिए वे बस के आगे और पास में सड़क किनारे ही लेटकर आराम करने लगे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने सभी को कुचल दिया। हादसे में 18 मजदूरों की मौत हुई जबकि 19 घायल हुए हैं। घटनास्थल पर ADG एसएन साबत और एसपी यमुना प्रसाद पहुंच चुके हैं। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ लाशें गाड़ी के नीचे दबे होने की आशंका है। जेसीबी के जरिए रेस्क्यू किया जा रहा है। इस मामले में अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है। सड़क हादसे में हुई मौतों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। सीएम की ओर से जिला प्रशासन को घायलों के मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।




0 टिप्पणियाँ