शिवगढ़ प्रमुखी के चुनाव में कुंवर हनुमंत सिंह ने मारी बाजी, जश्न में डूबे लोग।। Raebareli news ।।

 

शिवाकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: शिवगढ़ ब्लाक के अति प्रतिष्ठित ब्लॉक प्रमुख की सीट पर कुंवर हनुमंत सिंह की हुई ऐतिहासिक विजय से पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास की लहर फैल गई। वहीं महेश विलास पैलेस में हर कोई एक दूसरे को गले मिलकर बधाई देता नजर आया। भाजपा खेमे में भी इस बात को लेकर काफी खुशी का माहौल दिखा।

  आपको बता दें कि, बछरावां विधानसभा के शिवगढ़ विकासखंड में प्रमुखी के चुनाव को लेकर हर किसी के जवान पर इस बात की चर्चा थी कि, यहां से शिवगढ़ रियासत के उत्तराधिकारी कुंवर हनुमंत सिंह को ही चुनाव जीतना चाहिए। 3:10 पर शुरू हुई मतगणना में सभी की निगाहें शिवगढ़ ब्लॉक मुख्यालय पर टिकी हुई थी। एक बार तो खबर आई की कुंवर हनुमंत सिंह एकमत से विजयश्री पाने से वंचित रह गए हैं। आनन-फानन बगैर किसी सरकारी घोषणा के यह बात सोशल मीडिया पर चला भी दी गई, तो पूरे इलाके में सन्नाटे की स्थिति पैदा हो गई। लोगों को भरोसा ही नहीं हो रहा था कि, ऐसा परिणाम आएगा।

    लेकिन चंद मिनट बाद ही इस खबर का खंडन हो गया और यह खबर आई कि, दोनों प्रत्याशियों को 29-29 वोट मिले हैं। मैच टाई हो गया है, फिर जनमानस ने थोड़ी सी राहत की सांस ली।

  इसके बाद यह तय हुआ कि, विजेता का फैसला लॉटरी के द्वारा किया जाएगा। मौके पर मौजूद एसडीएम सविता यादव और क्षेत्राधिकारी राम किशोर सिंह ने परिसर के बाहर रह रहे एक परिवार से 9 वर्षीय शमा बानो पुत्री शकील निवासी भवानीगढ़ को बुलाकर लॉटरी उठाई, तो उसमें हनुमंत सिंह का नाम निकला। यह खबर जैसे ही प्रसारित हुई। चारों ओर कुंवर हनुमंत सिंह जिंदाबाद, राजा राकेश प्रताप सिंह जिंदाबाद, विधायक राम नरेश रावत जिंदाबाद तथा योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।

    इसके पश्चात यह खबर जब महेश विलास पैलेस में पहुंची तो सभी एक दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद देने लगे। मिठाईयां बटने लगी। जहां कुछ देर पहले माहौल में सन्नाटा पसरा था, वहीं राजा साहब जिंदाबाद, भाजपा जिंदाबाद के नारे लगने लगे। लोग एक दूसरे को मीठा खिला कर खुशी का इजहार करते रहे।

   यह उल्लास का वातावरण देर रात तक बना रहा। उधर पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू, भाजपा नेता विद्यासागर अवस्थी एडवोकेट, बछरावां के पूर्व प्रमुख अजय दउवा, राजा साहब के प्रतिनिधि शशि भदौरिया, महराजगंज के पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह के अलावा प्रधान गण हनुमान सिंह, रामराज सिंह, बच्चन सिंह, जीबी सिंह, शरद सिंह सहित बड़ी तादाद में समर्थक कुमार हनुमंत सिंह को लेकर रायबरेली कलेक्ट्रेट में बचत भवन पहुंचे। यहां मौजूद अधिकारियों ने कुंवर हनुमंत सिंह को ब्लाक प्रमुख शिवगढ़ का विजई प्रमाण पत्र सौंपा।

    उसके उपरांत सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ कुंवर हनुमंत सिंह शिवगढ़ के महेश विलास पैलेस पहुंचे, यहां मौजूद हजारों लोगों ने उन्हें फूल मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ