महराजगंज/रायबरेली: हाल ही में संपन्न हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा जगह जगह की गई गुंडागर्दी, सपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ किए गए दुर्व्यवहार और उत्पीड़न जैसी घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश भर में आगामी 15 जुलाई 2021 को धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। जिसकी तैयारियों में पार्टी नेता और कार्यकर्ता दिलों जान से जुट गए हैं।
आपको बता दें कि, सपाईयों का कहना है कि, जिस तरह से भाजपा की योगी सरकार ने लोकतंत्र की खुलेआम हत्या की है। उससे सपा ही नहीं पूरे प्रदेश का जनमानस क्षुब्ध हो गया है, और सरकार के खिलाफ जन जागरण हेतु आंदोलन छेड़ने का निश्चय किया है। समाजवादी पार्टी के सपा विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज ने हमारे संवाददाता को बताया कि, यह जनविरोधी निरंकुश सरकार के द्वारा अघोषित इमरजेंसी लगा दी गई है। हर किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता का अपहरण कर लिया गया है। भाजपा कार्यकर्ता और गुंडे आम जनता ही नहीं, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी नहीं बख्श रहे हैं। अधिकारियों से जबरन राजनीति कराई जा रही है। सपा से जुड़े लोगों का खुलेआम उत्पीड़न किया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के बछरावां विधानसभा अध्यक्ष श्री त्रिवेदी ने बताया कि, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आगामी 15 जुलाई 2021 को पूरे प्रदेश में इतना बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा कि, भाजपा सरकार की चूलें हिल जाएंगी। उन्होंने बताया कि, बछरावां विधानसभा क्षेत्र में वह कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। इसके अलावा पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी दिन रात एक किए हुए हैं।

0 टिप्पणियाँ