रायबरेली में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में परिजनों ने किया सड़क जाम।। Raebareli news ।।



रायबरेली: हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव निवासी एक युवक की बृहस्पतिवार रात त्रिपुला चौराहे के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात उसका शव चौराहे से चंद कदम की दूरी पर महराजगंज रोड पर पाया गया। घटना से नाराज परिजनों ने शुक्रवार को शव को रखकर राजमार्ग जाम कर दिया। जो उच्चाधिकारियों के समझाने बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर बहाल हुआ। 

   आपको बता दें कि, जानकारी के अनुसार डेडौली गांव निवासी अंकुर चौधरी पुत्र शिवमूर्ति चौधरी की त्रिपुला चौराहा पर कंप्यूटर की दुकान है। परिजनों के अनुसार उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। गुरुवार की देर रात महराजगंज रोड स्थित अंजली ट्रेडर्स के सामने उसका शव देखा गया। उसके सीने पर गोली लगने से गहरा घाव था।   हालांकि यह घटना देर रात की थी लेकिन घटना के कई घंटे बाद तक जब पुलिस की तरफ से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो परिजन नाराज हो उठे। उन्होंने दर्जनों की संख्या में शुक्रवार को त्रिपुला चौराहे के पास शव को रखकर सड़क जाम कर दिया। 

    इस बात की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्होंने परिजनों को समझाने की काफी कोशिश की। लेकिन प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए। उसके बाद उप जिलाधिकारी सदर अंशिका दीक्षित और सीओ सिटी महिपाल पाठक ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर जाम हटा। इस दौरान घंटों यातायात बाधित रहा और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सीओ सिटी ने बताया कि, परिजनों से तहरीर देने को कहा गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ