शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के दौतरा गांव में ननद के यहां गई 22 वर्षीय विवाहिता को चारपाई पर सोते समय जहरीले सर्प ने डस लिया। जानकारी होते ही परिजन उसे इलाज कराने की बजाय झाड़-फूंक कराने की जुगत में लगे रहे। लेकिन जब हालत बिगड़ने लगी तो आज तड़के उसे लेकर सीएचसी आए, जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आपको बता दें कि, महराजगंज अतरेहटा रोड के रहने वाले मनोज कुमार कोरी का विवाह लगभग 8 महीने पहले हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गांव मवैय्या की रहने वाली शांति उर्फ पुष्पा के साथ हुआ था। पुष्पा इन दिनों ससुराल में थी। परिजनों ने बताया कि, वह बृहस्पतिवार को मनोज की बहन जो दौतरा में ब्याही है, वहां गई हुई थी, और चारपाई पर सो रही थी। उसका हाथ नीचे लटक रहा था। रात में अचानक जहरीले सर्प ने उसके हाथ में काट लिया। वह जागी और सर्प देखकर चिल्लाई।
परिजनों ने उसे इलाज के लिए डॉक्टरों के पास ले जाने की बजाय झाड़-फूंक कराना शुरू कर दिया। लेकिन हालत और बिगड़ने लगी, तो उसे सीएचसी महराजगंज लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जैसे ही लेकर जिला अस्पताल पहुंचे वैसे ही वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

0 टिप्पणियाँ