बछरावां/रायबरेली: बछरावां कस्बे में एन एच द्वारा बनाई गई लगभग 5 वर्ष पूर्व सड़क के दोनों ओर अधूरे पड़े नाले किसी अप्रिय घटना को दावत दे रहे हैं।
आपको बता दें कि, लखनऊ से रायबरेली तक लगभग 80 किलोमीटर की फोरलेन रोड केंद्र सरकार द्वारा लगभग 5 वर्ष पूर्व बनवाई गई थी, किंतु अधिकारियों की अनदेखी व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण सड़क के दोनों ओर जो नाले बनाए गए, वह आज तक अधूरे पड़े हैं। कहीं भी नालों को एक दूसरे से जोड़ा ही नहीं गया। टुकड़ों टुकड़ों में बनाए गए नाले अधिकतर जगहों पर बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं। क्योंकि यह नाले खंड खंड में बने हुए हैं, एक दूसरे से जुड़े ना होने के कारण इसका उपयोग बारिश में ना के बराबर है। क्योंकि यह नाले पूर्ण रूप से नहीं बने हुए हैं। अतः जलभराव का साधन बन जाते हैं, और उफ़नाकर सड़क पर भी गंदगी फैला देते हैं।
जिस वक्त एनएच के अधिकारी इस हाईवे का निर्माण करा रहे थे, लोगों ने उनका ध्यान इस ओर आकर्षित कराया था, परंतु कहीं धन लाभ कहीं भाई भतीजावाद के चक्कर में पड़ कर उन लोगों के द्वारा इन नालों को अधूरा छोड़ दिया गया। अनियमितताओं से भरी इस सड़क का निर्माण बड़ी जल्दबाजी में निपटा दिया गया।। सड़क के दोनों ओर सर्विस लेन ना होने के कारण लोग उल्टी दिशा में चलने पर मजबूर होते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
आपको यह भी बता दें कि, गुप्ता पेट्रोल पंप के पास से लेकर पटेल नगर तक बीच में कोई कट ना होने के कारण पटेल नगर जाने वाले निवासियों तथा डीजल पेट्रोल लेने वाले वाहनों को उल्टी दिशा में चलने पर मजबूर होना पड़ता है। क्षेत्र के लोगो की मांग है कि, इस सड़क के दोनों ओर सर्विस लेन का निर्माण एवं नाले को विधिवत बनाकर ढक्कन रखवा दिए जाएं, तथा पेट्रोल पंप से लेकर पटेल नगर के बीच एक कट बनवा दिया जाए, ताकि कोई अप्रिय घटना न घट सकें।


0 टिप्पणियाँ