शिवाकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के गांव संतोषपुर मजरे जनई में शनिवार की देर शाम दीवाल बनाने और गिराने के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच आपस में जमकर लाठी-डंडे और इंटें चलें। जिससे दोनों पक्षों की ओर से चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आपको बता दें कि, गांव में संजय और दूसरे पक्ष के राजकुमार आदि के बीच दीवाल बनाने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। मामले में पुलिस ने भी मौका मुआयना कर दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया था। यह भी बताया जाता है कि, ग्राम प्रधान ने शनिवार को दिन में पंचायत के द्वारा फैसला भी करा दिया था, जिससे दोनों पक्ष सहमत थे।
बताते हैं कि, एक पक्ष महराजगंज आया हुआ था, तभी गांव में दीवार गिराने को लेकर विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि, दूसरे पक्ष के राजकुमार पुत्र राम लौटन, अरुण कुमार पुत्र राम लौटन, संगीता पत्नी राजेश, वंदना पत्नी राजकुमार ने लाठी-डंडों और इटों से हमला बोलकर धनपता पत्नी संजय कुमार व प्रियंका पुत्री संजय कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया था। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया था।
वहीं दूसरे पक्ष से रविवार की सुबह संगीता पत्नी राजेश ने तहरीर देकर धन पता पत्नी संजय, प्रियंका पुत्री संजय, धीरेंद्र पुत्र संजय, संतोष पुत्र संजय के ऊपर आरोप लगाया है कि, उन लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिससे संगीता और संगीता की सास जगरानी को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल रेखा सिंह का कहना है कि, दोनों पक्षों की तहरीर दर्ज कर ली गई है। विवेचना के उपरांत मिले तथ्यों के आधार पर समुचित कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ